- प्रदेश सीएम योगी आदित्यनाथ ने लाभार्थी महिलाओं से किया वर्चुअल संवाद
बांदा। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना-2 के अन्तर्गत प्रदेश में 20 लाख गरीब महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन प्रदान किये जायेंगे। इस योजना से समाज की गरीब महिलाओं को बहुत लाभ हुआ है। इस योजना के अन्तर्गत गैस कनेक्शन प्राप्त होने से उन्हें अब स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्याओं का सामना नही करना पडेगा तथा वे समय पर भोजन तैयार कर परिवार को उपलब्ध करा सकेंगी। मुख्यमंत्री उ0प्र0 योगी आदित्य नाथ ने उपरोक्त विचार प्रधानमंत्री उज्जवला योजना-2 के शुभारम्भ तथा लाभार्थी महिलाओं से वर्चुवल संवाद के दौरान व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के प्रथम चरण के अन्तर्गत प्रदेश में 01 करोड़ 47 लाख गरीब परिवारों को कनेक्शन प्रदान किये गये थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक बहुत ही महत्वाकांक्षी योजना है जिसके माध्यम से महिलाओं को होने वाली परेशानियां खत्म हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में 01 करोड़ 61 लाख परिवारों को शौचालय उपलब्ध कराये गये हैं। इसके साथ ही सामुदायिक शौचालयों के संचालन की जिम्मेदारी महिला समूहों को प्रदान की गयी है। योगी ने कहा कि उज्जवला योजना-2 के अन्तर्गत प्रवासी कामगारों व श्रमिकों को भी इस योजना का लाभ प्रदान किया जायेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अन्तर्गत निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान करने वाली सभी महिला लाभार्थियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने जनपद की महिला लाभार्थी प्रीती साहू व साफिया से वर्चुवल संवाद किया। उन्होंने यह जानकारी प्राप्त की कि पहले वे कैसे खाना बनाती थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के अन्तर्गत निःशुल्क गैस कनेक्शन प्राप्त होने से जहां उन्हें खाना बनाने से सहूलियत होगी तथा इसके साथ ही उनके समय की बचत होगी जिससे वे दूसरा कार्य कर अपनी आमदनी बढा सकती हैं।
सांसद बांदा-चित्रकूट आर0के0 सिंह पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने गरीब महिलाओं के दर्द को समझते हुए यह महत्वाकांक्षी योजना प्रारम्भ की है तथा उज्जवला योजना-2 के अन्तर्गत जनपद बांदा में 80 हजार निःशुल्क गैस कनेक्शन गरीब परिवारों को प्रदान किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि पीएम ने समाज के अन्तिम पायदान पर खडे व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत लाभ प्रदान किया है। जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार पटेल ने इस अवसर पर अपने सम्बोधन में कहा कि निःशुल्क गैस कनेक्शन प्राप्त होने से अब महिलाओं को धुयें से होने वाली बीमारियों से निजात मिलेगी।
उन्होंने निःशुल्क गैस कनेक्शन मिलने वाली महिलाओं को बधाई दी। विधायक तिन्दवारी बृजेश कुमार प्रजापति ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं की पीडा को समझते हुए यह योजना प्रारम्भ की है तथा प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की प्रेरणा से सभी गरीब परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही सराहनीय प्रयास है तथा मैं प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करता हूॅ।जिलाधिकारी आनन्द कुमार सिंह ने इस अवसर पर अपने सम्बोधन में कहा कि रसोंई गैस कनेक्शन प्राप्त होने से महिलाओं का स्वास्थ्य सही रहेगा तथा उनके समय की भी बचत होगी।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में आये हुए जनप्रतिनिधियों तथा महिला लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में 105 महिलाओं को सांसद आर0के0 सिंह पटेल, अध्यक्ष जिला पंचायत सुनील कुमार पटेल, विधायक तिन्दवारी बृजेश प्रजापति तथा जिलाधिकारी आनन्द कुमार सिंह ने निःशुल्क गैस कनेक्शन वितरित किये। ए0एन0ओ0 आशीष मौर्य ने अपने सम्बोधन में बताया कि उज्जवला योजना के अन्तर्गत चूल्हा व पहला सिलेण्डर मुफ्त प्रदान किया जाता है। कार्यक्रम का संचालन इन्द्रवीर सिंह ने किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त खाद्य राधारमण शुक्ला, उप निदेशक सूचना भूपेन्द्र सिंह यादव, जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी वी0के0 शर्मा, तथा गैस ऐजेन्सियों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा महिला लाभार्थी उपस्थित रहीं।


0 टिप्पणियाँ
Please don't enter any spam link in the comment Box.