- एच.आर. इंटर कॉलेज, खलीलाबाद में रखी भवन की आधारशिला
- आयोजित समारोह में किया गया डा. आलोक का स्वागत और स्वागत
खलीलाबाद। संस्था के 75 वर्ष पूरे होने पर एच.आर. इंटर कॉलेज, खलीलाबाद में भव्य समारोह आयोजित कर न सिर्फ़ एक नवीन भवन की आधारशिला रखी गई बल्कि संस्थान से जुड़े विशिष्ट जन का सम्मान भी किया गया। कॉलेज के पूर्व छात्र और भारतीय विश्वविद्यालय संघ, नई दिल्ली के संयुक्त सचिव डॉ. आलोक कुमार मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में आठ कक्षाओं और अन्य सुविधाओं वाले नवीन भवन की आधारशिला रखी।
डॉ. मिश्रा 1990 से 1993 के बीच इस कॉलेज के छात्र रहे हैं। वे एक अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त मनोवैज्ञानिक हैं, जिन्होंने एम्स, दिल्ली से पोस्ट-डॉक्टोरल शोध कार्य पूरा किया है। वे न केवल देश बल्कि विश्व पटल पर भी अपनी विशेषज्ञता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने महान क्रिकेटर विराट कोहली, परम पूज्य दलाई लामा, किरण बेदी, भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम और अभिनेता कमल हासन जैसी हस्तियों का ब्रेन एनालिसिस किया है। उनका कार्य 'नेशनल ज्योग्राफिक चैनल' के प्रसिद्ध कार्यक्रम "Mega Icons: People Born Great or Made" में भी प्रस्तुत किया गया है।
वर्ष 2008 में अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के दौरान डॉ. मिश्रा ने बराक ओबामा की चुनावी टीम को बतौर मनोवैज्ञानिक सलाहकार सहायता प्रदान की थी। उनके योगदान को सम्मान देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने उन्हें अपने शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया था। कॉलेज के प्राचार्य अरुण कुमार ओझा और प्रबंधक अमरनाथ रुंगटा जी ने डा. आलोक मिश्र का पुष्प गुच्छ तथा अंग वस्त्र पहनाकर सम्मान किया।
इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे विधिवत पूजन से हुई। भूमि पूजन के बाद डॉ. मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भवन निर्माण के लिए प्रथम ईंट रखी।इसके उपरांत उन्होंने कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा, एनसीसी का हिस्सा होना गर्व की बात है। विशेषकर वर्तमान में जब देश के सामने कई चुनौतियाँ हैं। देशसेवा और अनुशासन के लिए हमें सदैव तत्पर रहना चाहिए। कैप्टन डॉ. चंद्र प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में कैडेट्स ने उन्हें सलामी दी।
कार्यक्रम में सर्वेश सिंह, अनिल कुमार दुबे, आनंदवीर मिश्रा, अनुप कुमार राय, हरिराम एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।प्रबंधक अमरनाथ रुंगटा ने डॉ. मिश्रा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह नया भवन उत्तर प्रदेश सरकार की 'अलंकार परियोजना' के तहत 80% सरकारी सहायता और 20% विद्यालय निधि के सहयोग से निर्मित किया जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ
Please don't enter any spam link in the comment Box.