- एक नवंबर से शुरू किया जाएगा विशेष अभियान
- दो डोज पर कोविड सुरक्षित, प्रथम डोज पर संतृप्त ग्राम की संज्ञा
अरबिंद श्रीवास्तव, ब्यूरो चीफ
बांदा। कोरोना से बचाव के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में अब और तेजी लाने की पूरी तैयारी है। अब जनपद में दो टीकाकरण केंद्र पर सुबह आठ बजे से रात 10 बजे तक वैक्सीन लगाई जाएगी। इस व्यवस्था से कामकाजी लोगों को वैक्सीन लगवाने में काफी राहत मिलेगी। अभी एक नवंबर से शहरी क्षेत्रों में यह सुविधा दी जाएगी। आगे जरूरत के अनुसार इसका विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों में भी होगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. वीके तिवारी ने बताया कि इसके लिए जिला पुरूष अस्पताल और मेडिकल कालेज में विशेष टीकाकरण केंद्र बनाया जा रहा है। एक नवंबर से यहां सुबह आठ बजे से रात 10 बजे तक टीकाकरण होगा। दो पाली (सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे और दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक) में स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। जनपद में अब तक 7.97 लाख लोगों ने पहली और 2.32 लाख ने दूसरी डोज लगवाई है। 18 वर्ष से अधिक उम्र के कुल 12.91 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जानी है। सीएमओ ने कहा कि शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान तेज किया जाएगा।
ऐसे गांव जहां सभी लोगों ने टीके की दोनों डोज लगवा ली है, उसे कोविड सुरक्षित ग्राम और जहां सभी लोगों ने एक डोज लगवाई है, उसे प्रथम डोज संतृप्त ग्राम की संज्ञा दी जाएगी। इसके साथ ही यहां ग्राम प्रधान को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्रों पर आन द स्पाट बुकिंग भी की जा रही है, लेकिन पहले बुकिंग करवाने वालों को टीकाकरण में वरीयता दी जाएगी।

0 टिप्पणियाँ
Please don't enter any spam link in the comment Box.