- कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में विधान परिषद संसदीय समिति अध्यक्ष ने दिए निर्देश
अरबिंद श्रीवास्तव, ब्यूरो चीफ
बांदा। सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्यों के पत्रों पर समय से कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा कृत कार्यवाही से जनप्रतिनिधियों को भी सूचित किया जाए। उप्र विधान परिषद की संसदीय अध्ययन समिति के सभापति हीरा लाल ने उपरोक्त निर्देश कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न अधिकारियों की बैठक में दिये। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा गरीब व्यक्तियों के इलाज हेतु मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता दिलाने के लिए जो पत्र लिखे जाते हैं उनमें भी समय से आख्या शासन को भेजी जाए जिससे बीमार व्यक्तियों को समय से इलाज प्राप्त हो सके। सभापति हीरा लाल ने निर्देश दिये कि सभी विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधियों का प्रोटोकाल के अनुसार सम्मान सुनिश्चित करें तथा यदि किसी जनप्रतिनिधि द्वारा किसी अधिकारी को फोन किया जाता है तो वे फोन अवश्य उठायें। यदि किसी कारणवश उस समय फोन नही उठा पाते हैं तो बाद में शीघ्र फोन किया जाए।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों के लम्बित प्रकरणों की समीक्षा की तथा निर्देश दिये कि लम्बित पत्रों पर पन्द्रह दिनों में कार्यवाही सुनिश्चित करायी जाए। सभापति ने यह भी निर्देश दिये कि जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा मुख्य विकास अधिकारी अपने अधीनस्थ अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों का प्रोटोकाल के अनुसार सम्मान करने के लिए पत्र लिखें। उन्होंने कहा कि समिति के सभी सदस्यों को अधिकारियों ने पूरा सम्मान दिया उसके लिए मैं आभार व्यक्त करता हूॅ। विधान परिषद सदस्य लाल बिहारी यादव ने कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर प्राथमिकता पर कार्यवाही कर उन्हें समय से सूचित करें।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा जनसामान्य की समस्याओं से सम्बन्धित जो पत्र लिखे जाते हैं उनमें प्राथमिकता पर कार्यवाही कर समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने समिति के सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि समिति द्वारा जो निर्देश दिये गये हैं उनका अनुपालन कराया जायेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर प्राथमिकता पर कार्यवाही की जाए। मुख्य विकास अधिकारी वेद प्राकश मौर्य ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का सम्मान करना हम सभी अधिकारियों का दायित्व है। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा जो मार्गदर्शन प्रदान किया गया है उसके लिए हम समिति के आभारी हैं।
जिलाधिकारी ने समिति के सभापति हीरा लाल जी को अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने विधान परिषद सदस्य लाल बिहारी यादव को अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह र्प्रदान कर सम्मानित किया। जिला समाज कल्याण अधिकारी गीता सिंह ने विधान परिषद सदस्य श्रीमती रमा निरंजन को अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
समिति की बैठक में विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, उप सचिव राम नारायन, समीक्षा अधिकारी सुनील यादव, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 उमाशंकर दीक्षित, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर सुधीर कुमार, नगर मजिस्ट्रेट केशव नाथ गुप्त, उप निदेशक सूचना भूपेन्द्र सिंह यादव, परियोजना निदेशक डी0आर0डी0ए0 हुबलाल, जिला पंचायत राज अधिकारी सर्वेश पाण्डेय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ए0के0 बघेल तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ
Please don't enter any spam link in the comment Box.