TOP FIVENEWS : सीएम आवास पर हुए हमले के विरोध में फूटा आप का गुस्सा



अरबिंद श्रीवास्तव, ब्यूरो चीफ

भाजपा विधायक रहते बनाया आलीशान घर सपा में आने के बाद हो गया अवैध

  • विकास प्राधिकरण ने जारी किया नोटिस, मांगा जवाब

बांदा। तिंदवारी विधानसभा से भाजपा के विधायक रहने के दौरान बनाये गये आलीशान घर पर उनके सपा में शामिल होने और विधानसभा चुनाव लड़ने के बाद अब सरकार की निगाहें टेढ़ी हो गयी हैं। भाजपा विधायक रहने के दौरान बनाये गये घर को अवैध निर्माण बताते हुए विकास विकास प्राधिकरण ने उनके घर पर नोटिस चस्पा कर दी है। जानकारी के अनुसार बांदा विकास प्राधिकरण ने तिंदवारी से विधायक रहे प्रजापति को बिना नक्शा पास कराए भवन निर्माण मामले में न सिर्फ कार्रवाई की चेतावनी दी है बल्कि जवाब न देने पर चार मंजिला आलीशान भवन पर बुलडोजर चलाने की चेतावनी भी दे डाली है। 

साथ ही इस सिलसिले में 7 अप्रैल को तलब किया है। तिन्दवारी से भाजपा के विधायक रहे बृजेश प्रजापति ने विधायक रहते हुए बिजली खेड़ा में 4 मंजिला मकान का निर्माण कराया है। उस समय सत्ता पक्ष का विधायक होने के कारण बांदा विकास प्राधिकरण अनधिकृत रूप से हो रहे निर्माण पर धृतराष्ट्र बना रहा, लेकिन जैसे ही सत्ता दल छोड़कर सपा में शामिल हो गए और इस चुनाव में उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा। तभी से सरकार ने उनके खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। 

मतगणना के 1 दिन पहले बृजेश प्रजापति द्वारा अपने समर्थकों के साथ मतगणना स्थल पर हंगामा करने और इसके बाद हाई स्कूल का परिचय लीक होने के बाद सरकार पर तंज कसने वाले बृजेश प्रजापति सीधे सरकार के निशाने पर आ गए। उन्हें बांदा विकास प्राधिकरण द्वारा दी गई नोटिस में कहा है कि पूर्व विधायक द्वारा बिना नक्शा पास कराए असंवैधानिक रूप से भवन तैयार करा लिया गया। इस भवन को गिराने का आदेश क्यों न दिया जाए। प्राधिकरण द्वारा दी गई नोटिस को विधायक ने खुद सोशल मीडिया में शेयर किया है। 

साथ ही सरकार पर भी तंज कसा है। बताते चलें कि पूर्व विधायक ने शहर के बिजलीखेडा में अपना एक ऑफिस बनाया है। विधानसभा चुनाव 2022 से पहले उन्होंने बीजेपी छोड़कर सपा ज्वाइन की थी। 9 मार्च को मतगणना से पहले सपाइयों ने ईवीएम सुरक्षा के नाम पर जमकर हंगामा किया था। इस दौरान पूर्व विधायक बृजेश प्रजापति ने डीएम बांदा की गाड़ी रोकी थी जिस पर बहस भी हुई थी।

दिल्ली के सीएम आवास पर हुए हमले के विरोध में फूटा आप का गुस्सा

  • राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर की कार्यवाही की मांग

बांदा। गुरूवार को आम आदमी पार्टी के मुखिया व दिल्ली के सीएम आवास पर हुए भाजपा नेताओं के द्वारा हमले के विरोध में पार्टी के जिलाध्यक्ष की अगुवाई में आप कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपनी विभिन्न मांगां का राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर कार्यवाही की मांग की है। जिला अध्यक्ष अवधेश सिंह की अगुवाई में दर्जनों कार्यकर्ताओं सहित पार्टी पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी बांदा के माध्यम से भारत के राष्ट्रपति को पत्र भेजते हुए बताया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल के घर पर अपराना भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्य के नेतृत्व में भाजपाइयों ने खुली गुंडई करते हुए मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा हेतु लगी हुई बेरी केटिंग व सीसीटीवी कैमरे तोड़ते हुए आवास में घुसने की नाकाम कोशिश की। 

भाजपाइयों के द्वारा किया गया यह कृत्य बहुत ही शर्मनाक है जो अराजकता और भय का माहौल बनाने का बड़ा उदाहरण है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रकरण की जांच हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की देखरेख में एसआईटी जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही किए जाने की मांग की है। जिलाध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार दमनकारी और नफरत की राजनीति कर रही है जिसका विरोध हमारी पार्टी हमेशा करती रहेगी। 

इस मौके पर आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष अवधेश सिंह, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष व बुंदेलखंड प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह चुनाले, नीरज कछवाह,अनुभव सिंह कछवाह, बचस्पति मिश्रा, जितेंद्र चौहान, संतोष गुप्ता, विनय कुमार गुप्ता, रमाशंकर गुप्ता सहित दो दर्जन नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

महंगाई के विरोध में कांग्रेसियों प्रदर्शन कर दिया धरना

  • कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

बांदा। देश में लगातार बढ़ रही महंगाई और डीजल पेट्रोल तथा गैस की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ कांग्रेसियों ने गुरुवार को अपने कार्यालय के समीप विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी गैस सिलेंडर, डीजल पेट्रोल के डिब्बे और सरसों के तेल का कनस्तर रखे हुए थे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने कहा कि भाजपा सरकार चुनाव के पहले बिक्री दरों को कम करती है और भोली भाली जनता से वोट देकर पुनः दरों में वृद्धि करती है। 

जनमानस महंगाई से कराह रहा है और सरकार उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने की व्यवस्था कर रही है। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रद्युम्न कुमार लालू दुबे एड ने कहा जब से भाजपा देश की सत्ता में आई है तब से लगातार महंगाई के माध्यम से जनता की जेब पर डाका डाल रही है। अब पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ती चली जा रही है जिससे लोगों का बजट बिगड़ रहा है। अब तो टोल टैक्स की कीमतों को बढ़ाने की योजना बना ली गई है और बढ़ा भी दी गई है। आम जनता ऐसी सरकार के इन फैसलों को बर्दाश्त नहीं करेगी और कांग्रेस पार्टी लगातार सरकार के विरोध में प्रदर्शन करती रहेगी। 

संकेतिक धरना मे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रद्युम्न कुमार लालू दुबे एड सहित बी लाल, संकठा प्रसाद त्रिपाठी, सेवादल अध्यक्ष कैलाश बाजपेई बल्देव  वर्मा ,गोविद त्रिपाठी, राजेश गुप्त पप्पू, केशव पाल, सनी पटेल, धीरेंद्र सिंह, रफत खान, डा केपी सेन, अशरफ उल्ला, जिलाना दुरानी, अशोक वर्धन कर्ण, राज कुमार गर्ग, अफसाना बेगम, रेखा वर्मा, चंदा देवी, नाथू राम सेन, छेदी लाल धुरिया, सुकदेव गांधी ,सब्बीर सौदागर, मुन्नू देवी, शिव भूषण विश्वकर्मा, उवैद उल्ला सहित तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पुलिस की शह पर बिना पट्टे के जारी है अवैध खनन का खेल

  • भाजपा नेता ने शिकायत कर की कार्यवाही की मांग

ओरन/बांदा। स्थानीय पुलिस की शह पर क्षेत्र की भदावल, कुल्लूखेड़ा, लमेहटा, शिवहरी सहित आधा दर्जन स्थानां पर बिना बालू खनन के पट्टे के पुलिस की मिली भगत के चलते अवैध खनन का खेल खुलेआम खेला जा रहा है। भाजपा नेता ने शिकायती पत्र देकर प्रशासन से कार्यवाही की मांग की है। डीएम को दिये शिकायती पत्र में पूर्व भाजपा ओरन मण्डल अध्यक्ष शीलत ध्वज सिंह गौतम सिंह गौतम ने बताया कि प्रदेश की भाजपा सरकार की छवि खराब करने में लगे बालू माफियाओं को ओरन व बदौसा की मुकामी पुलिस का पूरी तरह संरक्षण मिला हुआ है। पुलिस की शह पर ही बालू माफियाओं द्वारा क्षेत्र की भदावल, कुल्लूखेड़ा, लमेहटा, शिवहरी आदि स्थानों पर बिना पट्टे के अवैध खनन किया जा रहा है। 

बालू माफियाओं द्वारा अवैध रूप से की जा रहे बालू खनन व बालू निकासी से ग्रामीण परेशान होते जा रहे है। अवैध रूप भरे ओवरलोड वाहन किसानों के खेतों को दबंगई के बल पर रौंदते हुए फसलों को भी खराब कर रहे हैं। जिससे भाजपा सरकार की छवि खराब हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अवैध खनन को रोका जाये। अवैध खनन से एक ओर जहां सरकार के राजस्व को चूना लगाया जा रहा है तो वहीं दूसरी ओर किसानों की फसलें भी चौपट हो रही हैं।

सुशासन दिवस के रूप में भाजपा मनायेगी स्थापना दिवस

  • पार्टी कार्यालय में बैठक कर बनाई आयोजन की रूपरेखा

बांदा। जिला भाजपा कार्यालय के सभागार में महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ आयोजित भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में आगामी कार्य योजना को अंतिम रूप दिया गया। कनवारा बाईपास स्थित जिला भाजपा कार्यालय के सभागार में आयोजित जिला पदाधिकारी, मोर्चा जिलाध्यक्ष,मंडल प्रभारी तथा मंडल अध्यक्षों की बैठक में भाजपा जिला कार्यकारी संजय सिंह ने आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए कहा कि 6 अप्रैल को पार्टी सुशासन दिवस के रूप में अपना स्थापना दिवस मनाएगी जिसमें तमाम कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 अप्रैल को डाक्टर भीमराव बाबासाहेब अंबेडकर की जयंती को समरसता दिवस के रूप में मनाते हुए प्रत्येक बूथ पर तमाम प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें खिचड़ी भोज, गोष्ठी सहित अन्य सेवा कार्य किए जाएंगे। 


जबकि 15 अप्रैल से 30 अप्रैल तक जनपद के सभी मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग सहित जिला प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे। आगामी कार्यक्रमों के कुशल संचालन हेतु प्रत्येक विधानसभा में कार्यक्रम प्रमुख बनाए गए हैं। जिसमें जिला महामंत्री कल्लू सिंह राजपूत को बांदा सदर विधानसभा से, जिला उपाध्यक्ष सीताराम वर्मा को बबेरू विधानसभा से, जिला मीडिया प्रभारी आनंद स्वरूप द्विवेदी को तिंदवारी विधानसभा से तथा डॉक्टर देवेंद्र भदौरिया को नरैनी विधानसभा से कार्यक्रम प्रमुख नियुक्त किया गया है। जिला कार्यकारी अध्यक्ष संजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक को राष्ट्रीय परिषद सदस्य संतोष गुप्ता, महिला आयोग सदस्य प्रभा गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जगराम सिंह, क्षेत्रीय पदाधिकारी शैलेंद्र जयसवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष लवलेश सिंह ने भी संबोधित किया। 

जबकि संचालन जिला महामंत्री अखिलेश नाथ दीक्षित द्वारा किया गया। इस अवसर पर राम प्रसाद सोनी, अजीत प्रकाश गुप्ता, डा राम राज गुप्ता आनंद, दीपक शुक्ला, ममता मिश्रा, जागृति वर्मा, मनोज पुरवार,संतू गुप्ता, राजेश सेन, पंकज रैकवार, धर्मेंद्र त्रिपाठी, उत्तम सक्सेना, दिनेश यादव, मोहित गुप्ता, धीरेंद्र सिंह, सुधीर त्रिवेदी, सचिन अग्निहोत्री, वेद निराला, राकेश गुप्ता, रामबाबू त्रिपाठी, देवा त्रिपाठी, अमित निगम, राजा दीक्षित, अनूप सिंह, श्याम बाबू पाल आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ