CRIME NEWS : मंगेतर ने बात करने से किया इंकार, युवती ने चूमा मौत का फंदा


अरबिंद श्रीवास्तव, ब्यूरो चीफ


मंगेतर ने बात करने से किया इंकार, युवती ने चूमा मौत का फंदा

  • बिसंडा थाना क्षेत्र के जमुना तिवारी पुरवा की घटना
  • पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

बांदा। दिगामी के रूप से गड़बड़ युवती को मंगेतर ने बात करने से इंकार करना इतना नागवार गुजरा कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उधर परिजनों ने बताया कि युवती का विवाह दो होना था। वह अपने होने वाले पति से फोन पर बात कर रही थी, उसने बात करने से मना कर दिया था। जिसको लेकर वह नाराज हो गई थी। उधर पुलिस ने घटना की जानकारी होने के बाद शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

प्राप्त विवरण के अनुसार बिसण्डा थाना क्षेत्र के जमुना तिवारी का पुरवा अंश पुनाहुर निवासी सुधा (19) पुत्री कामता प्रसाद गुरुवार की शाम घर में अकेली थी। पिता गांव में ही निमंत्रण में चला गया था। वापस लौटने पर देखा तो कमरे के दरवाजे बंद थे। उसने कुण्डी खटखटाई, लेकिन अंदर से कोई हरकत नहीं हुई। छत के रास्ते खिड़की से झांककर देखा तो सुधा फंदे पर लटक रही थी। किसी तरह परिजन दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर पहुंचे। फंदा काटकर उसे नीचे उतार लिया गया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। 

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतका के मामा चुन्ना निवासी बिसण्डा ने बताया कि सुधा की आगामी 6 जून को शादी होने वाली थी। शादी की सभी तैयारियां चल रही थीं। उसकी मां चुनूबादी मटौंध थाने के मोहनपुरवा गांव खेत काटने चली गई थी। सुधा अपने छोटे भाई बहनों के साथ घर पर रह रही थी। गुरुवार को वह अपने होने वाले पति से बात कर रही थी। पति की तबीयत गड़बड़ थी। उस पर फोन में बात करने से मना कर दिया। इसी बात से सुधा परेशान हो गई। उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। चुन्ना ने यह भी बताया कि कभी-कभी उसका दिमागी संतुलन भी बिगड़ जाता था।

अन्य खबर :  नवरात्र : भारत का नवसंवत्सर - सनातन को अपनाइए, सृष्टि को बचाइए

ट्रेन से कटकर छात्र ने दी जान

अतर्रा/बांदा। मौसी के घर में रहकर पढ़ाई कर रहे स्नातक छात्र ने ट्रेन के आगे छलांग लाकर खुदकुशी कर ली। मौत की खबर मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घरवालों का कहना है कि छात्र ने कर्ज ले रखा था। कर्जदार उस पर वसूली का दबाव बना रहे थे। इसी से परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली। 

मध्य प्रदेश के अजयगढ़ थानांतर्गत ध्यावलपुर गांव निवासी लवलेश (22) पुत्र दुर्ग विजय अपनी मौसी के घर अतर्रा थाना क्षेत्र के महोतरा गांव में रहकर अतर्रा पीजी कालेज में बीए फाइनल का छात्र था। उसकी आठ अप्रैल से परीक्षा थी। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे हिन्दू इंटर कालेज के पीछे लोहिया पुल के पास महाकौशल एक्सप्रेस के सामने छलांग लगा दी। इससे उसकी कटकर मौत हो गई। ट्रेन गुजरने के बाद आसपास के लोगों ने देखा तो जीआरपी को सूचना दी। मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में ले लिया। 

खबर पाकर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतक परिजनों ने बताया कि लवलेश पढ़ाई में होशियार था। वह बचपन से ही अपनी मौसी के घर में रहकर पढ़ाई करता था। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था। पिता की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। भाई अखिलेश ने बताया कि लवलेश ने कुछ रुपया लोगों से लिया था, उसी की वसूली का दबाव बढ़ रहा था। दो दिन पहले उसने 10 हजार रुपए मांगे भी थे।

सर्पदंश से महिला की मौत

बबेरू/बांदा। खेत में फसल काट रही महिला किसान को सर्प ने डस लिया। मौके पर पहुंचे घरवालों ने ओझाओं को बुलाकर उसकी झाड़फूंक कराई। हालत में सुधार न होने पर उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। प्राप्त विवरण के अनुसार कोतवाली बबेरू क्षेत्र के मझिला गांव निवासी लक्ष्मी (52) पत्नी श्यामलाल फसल काटने हमीरपुर के पलटा गांव गई थी। वहां पर अन्य लोग भी थे। गुरुवार की शाम फसल काटते समय सर्प ने उसे डस लिया।

हालत बिगड़ने पर अन्य लोगों को जानकारी हुई। आनन-फानन ओझाओं को बुलाकर उसकी झाड़फूंक कराई। लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। उसे तत्काल जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया, वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। घरवालों ने उसे यहां लाकर भर्ती कराया। शुक्रवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। मृतका अपने पीछे तीन पुत्र छोड़ गई है।

संदिग्धावस्था में मिला अज्ञात अधेड़ का शव

  • पुलिस ने अज्ञात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

बांदा। शुक्रवार को केन नदी स्थित बाईपास पुल के नीचे अज्ञात अधेड़ का शव ग्रामीणों ने पड़ा देखा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोगों ने आशंका जताई है कि हत्या करने के बाद शव को नदी में फेंक दिया गया है। जबकि पुलिस शव नदी में बहकर आने की बात कह रही है। प्राप्त विवरण के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के कनवारा बाईपास केन पुल के नीचे अज्ञात 45 वर्षीय अधेड़ का क्षत-विक्षत शव पड़ा हुआ था। नदी पहुंचे ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को जानकारी दी। 

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि उसकी हत्या करने के बाद शव को नदी में फेंक दिया गया। शव काफी दिन पुराना लग रहा था। उसके जिस्म को जलीय जीव जंतुओं ने नोच डाला था। ग्रामीण बताते हैं कि शव को कुत्ते घसीटकर नदी से बाहर ले आए थे। पुलिस ने जांच पड़ताल करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह रजावत का कहना है कि आशंका जताई जा रही है कि शव नदी में बहकर आ गया है। शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।

अचानक लगी चार मकानो में आग, गृहस्थी जलकर हुई खाक

  • एक घर में गृहस्थी के जला दहेज का सामान

बांदा। बिजली की शार्ट सर्किट से एक के बाद एक करके चार घरों में आग लग गई। देखते ही देखते मकान धू-धूकर जलने लगे। आग की लपटें देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ती ही गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद जब तक आग पर काबू पाया, तब तक घर गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया। एक परिवार में आगामी पांच जून को बेटी की शादी होनी है, दहेज का सामान भी राख हो गया। 

नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़ोखर खुर्द गांव निवासी सूरजदीन पुत्र मैकू कोटार्य शुक्रवार की सुबह अपने परिवार के साथ खेत की कटाई करने चला गया था। इसी बीच बिजली की शार्ट सर्किट से मकान में आग लग गई। देखते ही देखते मकान ने उसके भाई रज्जू के मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इतना ही नहीं गोरे पुत्र भूरा और उसके पुत्र संजय के मकान में आग लग गई। चारों मकान धू-धूकर जलने लगे। आग की लपटें देख ग्रामीणों ने शोर मचाया। शोरशराबा सुनकर खेत में कटाई कर रहे किसान दौड़ पड़े। नजदीक में लगे हैंडपंप से पानी लेकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन आग बेकाबू हो गई। 

घटना की जानकारी दमकल को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब तक आग बुझाई गई तब तक घर गृहस्थी का सामान खाक हो गया। सूरजदीन ने बताया कि उसकी बेटी की आगामी पांच जून को शादी है। दहेज का सामान कपड़े आदि की खरीददारी हो चुकी थी। अग्निकांड में उसका दो लाख रुपए का नुकसान हुआ है। घर में कुछ भी नहीं बचा है। यही हाल रज्जू का है। उसके भी दो मकान जल गए हैं। करीब डेढ़ लाख का नुकसान बताया गया। गोरे और संजय का भी काफी नुकसान हुआ है।

केशव तिवारी को मिला चौथा केदारनाथ अग्रवाल सम्मान

  • जनकवि केदारनाथ अग्रवाल की स्मृति में हुआ आयोजन

बांदा। जनकवि केदारनाथ अग्रवाल की स्मृति में हर साल दिया जाने वाला इस वर्ष चौथा सम्मान कवि व लेखक केशव तिवारी को दिया गया। सबसे पहले सभी अतिथि गण व अन्य उपस्थित जन ने केदारनाथ अग्रवाल की कचेहरी में स्थापित मूर्ति में माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शशिकांत पूर्व जिला जज ने कहा कि केदारनाथ अग्रवाल एक नाम नहीं विचार है जो शोषित पीड़ित वंचित के लिए उसके दुःख दर्द को मिटाने के लिए काम की प्रेरणा देती है।

विशिष्ट अतिथि अनिल शर्मा ने कहा की केदारनाथ अग्रवाल जैसे लोग जल्दी पैदा नहीं होते उन्होंने वकालत पेशे को पूरी ईमानदारी से किया और जन जन की आवाज बन कविताएं लिखी और जनकवि बने। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बृजमोहन सिंह व सचिव राकेश सिंह पूर्व अध्यक्ष राकेश सिन्हा आनंद सिन्हा एजाज अहमद अशोक त्रिपाठी जीतू शोभित कान्त आदि ने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम में अनुराग तिवारी अम्बिका व्यास आदित्य सिंह दिव्तीय आशीष मिश्रा दिनेश त्रिवेदी प्रदुम्न दुबे लालू राजेश दुबे भइया रजनीश मोहन सौरभ श्रीवास्तव विनय विद्यासागर त्रिपाठी ब्रह्म नन्द पांडे रमेश अवस्थी राजकुमार दीक्षित आदि मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ