CRIME NEWS : कई दिनों से लापता किसान का शव कुएं में मिला



अरबिंद श्रीवास्तव, ब्यूरो चीफ

कई दिनों से लापता किसान का शव कुएं में मिला

  • पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पैलानी/बांदा। कई दिनों से गायब किसान का शव पैलानी थाना क्षेत्र के चंदवारा गांव के मजरा तिवारी का डेरा के पास खेत में बने सूखे जर्जर कुएं में मिला। दुर्गंध आने पर फसल काट रहे किसानों ने गांव में सूचना दी। जर्जर कुएं में जीव-जंतु होने की आशंका के चलते नलकूपों से पानी भरा गया, जिससे शव ऊपर उतराकर आ गया। बेटे ने पुलिस को बताया कि पिता के ऊपर बैंक का काफी कर्ज था। जिसे जमा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। संभवतः इसी के चलते कुएं में कूद जान दे दी। पुलिस का कहना है कि हर बिंदु पर जांच की जा रही है। पैलानी थाना क्षेत्र के चंदवारा गांव निवासी 55 वर्षीय किसान सुखराम निषाद अपने घर से छह अप्रैल को घर से बिना बताए निकल गए थे। स्वजन ने आसपास व रिश्तेदारी में काफी ढूंढने का प्रयास किया लेकिन पता नहीं चला। 

गांव के तिवारी का डेरा के पास स्थित जर्जर कुएं के पास स्थित खेतों में फसल काट रहे किसान सभाजीत निषाद ने कुएं से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को सूचना दी। सुखराम का बेटा संदीप भी पहुंचा। ग्राम प्रधान अरविंद सिंह, पूर्व सदस्य जिला पंचायत पप्पू सिंह परिहार और पूर्व ब्लाक प्रमुख जसपुरा मिश्री लाल निषाद ने थाने में सूचना दी। थानाध्यक्ष नंदराम प्रजापति ने तीन निजी नलकूपों के जरिए जर्जर कुएं में पानी भरवाया, जिसके बाद शव उतराकर ऊपर आ गया। जिसकी सुखराम के रूप में शिनाख्त हुई।मृतक के बेटे संदीप ने बताया कि आर्यावर्त बैंक चंदवारा से मेरे पिता ने आर्यावर्त बैंक शाखा से करीब एक लाख कर्ज ले रखा था। 

कर्ज को जमा कराने के लिए आए दिन बैंक प्रबंधक द्वारा घर आकर दबाव बनाया जा रहा था। उनके दो कर्मचारियों लगातार बैंक में रुपया जमा करने के लिए दबाव बना रहे थे। थानाध्यक्ष नंदराम प्रजापति ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। हर बिंदु पर जांच की जा रही है।आर्यावर्त बैंक के चंदवारा शाखा प्रबंधक नेपाल कुमार ने बताया कि सुखराम निषाद ने वर्ष 2014 में 1.39 साथ का कर्ज लिया था, जो मार्च 2022 तक करीब दो लाख रुपये हो गया था। सुखराम दो फरवरी 22 को बैंक आए थे। आपसी समझौता के तहत 90 हजार रुपये जमा कराए जाने को लेकर खसरा खतौनी के कागज लेकर क्षेत्रीय कार्यालय बांदा भेजा गया था। 

वहां पर आधार कार्ड सम्मिट ना होने के चलते फाइल रिजेक्ट कर दी गई थी। पुनः 30 मार्च को वीरेंद्र सिंह परिहार के साथ बैंक आए तो आधार कार्ड मांगा। कहा गया था कि अगर एक माह तक आधार कार्ड नहीं मिला तो फाइल रिजेक्ट कर दी जाएगी। आधार कार्ड जमा नहीं हुआ है। वर्ष 2014 से अब तक किसान का कर्ज क्यों माफ नहीं हुआ, उनकी जानकारी में नहीं है। उन्होंने दरवाजे पर जाने या फोन पर दबाव बनाने के आरोपों को बेबुनियाद बताया है।

बाइक की टक्कर से घायल साइकिल सवार की मौत 

बांदा। साइकिल से घर जा रहे युवक को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। घायल को जिला अस्पताल से मेडिकल कालेज ले जाकर भर्ती कराया गया, वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। गिरवां थाने के मुरवां गांव निवासी राजाभइया (35) पुत्र लल्लू रविवार की शाम बांदा से साइकिल लेकर घर जा रहा था, तभी घर के ही समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद बाइक समेत चालक मौके से फरार हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां हालत में सुधार न होने पर उसे मेडिकल कालेज ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

मारपीट की घटना में तीन घायल

बांदा। मामूली बात को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में डंडे और सरिया चल गईं। इसमें तीन लोग घायल हो गए। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। किसी तरह समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। शहर कोतवाली क्षेत्र के कनवारा गांव निवासी जटाशंकर (29) पुत्र रामकिशोर सोमवार की रात घर में भूसा डाल रहा था। तभी पड़ोसी सुरेंद्र (35) पुत्र रामगोपाल एक युवक को गाली देने लगा। जटाशंकर ने इसका विरोध किया। 

इसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष के जटाशंकर और दूसरे पक्ष के सुरेंद्र और उसका पिता रामगोपाल (73) घायल हो गए। शोरशराबा सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने मामले को शांत कराया। वहीं सुरेंद्र का कहना है कि जटाशंकर शराब पीकर दरवाजे में गाली-गलौज कर रहा था। मना करने पर रामगोपाल को मारने पीटने लगा। इसी बात को लेकर झगड़ा हो गया।

दो ने गटका जहर

बांदा। शहर के क्योटरा जेल रोड निवासी रविकरन (25) ने मंगलवार की दोपहर घरेलू किसी बात से नाराज होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर घरवालों को जानकारी हो सकी। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी तरह शहर के कटरा मुहल्ला निवासी अमित (35) ने घरेलू किसी बात से नाराज होकर जहरीला पदार्थ खाकर जान देने का प्रयास किया। हालत बिगड़ी तो घरवालों को पता चला। उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गैस से बालक झुलसा 

बांदा। बिसंडा कस्बा निवासी आशीष (5) पुत्र कमल मंगलवार की सुबह रसोईघर में खेल रहा था। उसकी मां खाना बना रही थी, तभी अचानक खेलते समय वह गैस चूल्हे पर गिर गया, जिससे उसके कपड़ों में आग लग गई। वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने उसकी आग बुझाई, उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मार्ग हादसे में चार घायल

बांदा। तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद मौके से भाग रहे ट्रक चालक को ग्रामीणों ने दबोच लिया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। ई-रिक्शा मंगलवार की दोपहर जिला अस्पताल से सवारियां लेकर पिपरी गांव जा रहा था। तभी गैस गोदाम के समीप सामने से आ रहे ट्रक ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। इसमें दर्शन (50) उसकी पत्नी सावित्री (45), पुत्र और दो अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनका उपचार किया जा रहा है।

अन्य खबरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर जाएं -

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ