संदिग्धावस्था में युवती ने फांसी लगाकर दी जान
- बिसण्डा थाना क्षेत्र के पिस्टा गांव की घटना
अरबिंद श्रीवास्तव, ब्यूरो चीफ
बांदा। अज्ञात कारणों के चलते युवती ने घर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। छह माह पूर्व खाना बनाते समय कपड़ों में आग लगने से उसका चेहरा झुलस गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिसंडा थाना क्षेत्र के पिस्टा गांव निवासी मिथिला पाल (18) पुत्री रामभवन ने शनिवार को शाम कमरे के अंदर लकड़ी की बल्ली में दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी पर झूल गई। देर शाम खेत से घर लौटी मां बिट्टन और छोटी बहन को घर के दरवाजे बंद मिले। काफी प्रयास के बाद भी मकान का दरवाजा नहीं खुला।
बाद में छप्पर हटाकर मकान के अंदर दाखिल हुए। कमरे के अंदर मिथिला का शव परिजनों ने फांसी के फंदे पर लटकता देखा। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने बताया कि छह माह पहले घर पर खाना बनाते समय कपड़ों में आग लगने से उसका चेहरा झुलस कर बदसूरत हो गया था। काफी उपचार के बाद भी बदसूरती नहीं खत्म हुई। चार दिन पहले उसकी छोटी बहन विमला का रिश्ता तय किया था। रिश्ता तय होने के बाद मिथिला काफी तनाव में आ गई। खाना-पीना भी छोड़ दिया। दिन भर गुमशुम रहती थी। चेहरा बदसूरत होने पर उसे लगता था कि उसकी शादी नहीं होगी। इसी तनाव में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
जहर खाने से दो की हालत बिगड़ी
बांदा। अलग-अलग स्थानों पर जहर खान से दो की हालत बिगड़ी गई। आनन-फानन में परिजनों ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां पर दोनों उपचार चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पैलानी थाना क्षेत्र के निवाइच गांव निवासी चेतराम (30) पुत्र रामशरण ने रविवार को सुबह पत्नी से विवाद होने पर घर पर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एक अन्य घटना में इसी थाना क्षेत्र के खरेई गांव निवासी जयकरन (30) पुत्र जयगोपाल ने शनिवार की रात पारिवारिक कलह से तंग आकर घर पर जहर खाकर जान देने का प्रयास किया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई तो उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
मार्ग हादसे में मजदूर घायल
बांदा। ट्रक पर चढ़कर गिट्टी बराबर कर रहा मजदूर गिरकर घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छतरपुर जिले के बदौरा कलां गांव निवासी दीना कुशवाहा (45) पुत्र रामदयाल रविवार को सुबह घटहरी गांव स्थित क्रेशर में खड़े ट्रक पर गिट्टी बराबर कर रहा था। अचानक पैर फिसल जाने से वह ट्रक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। क्रेशर संचालक ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।


0 टिप्पणियाँ
Please don't enter any spam link in the comment Box.