उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व स्वास्थ्य राज्य मंत्री की छठी पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब

बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व स्वास्थ्य राज्य मंत्री स्वर्गीय घूरा राम की छठी पुण्यतिथि गुरुवार को रसड़ा क्षेत्र स्थित सहदेव पौधरिया अम्बेडकर सेवा संस्थान, मंदा के मैदान में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय घूरा राम की सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके बताए मार्ग पर चलते हुए ऐसे जनप्रतिनिधियों का चुनाव किया जाए, जो जनपद में दलित-बहुजन समाज की सशक्त और प्रभावी आवाज बन सकें।वक्ताओं ने आगे कहा कि यह तब तक संभव नहीं है, जब तक दलित-बहुजन समाज दूसरों की राजनीतिक "कहारगीरी" करना बंद कर अपने सामाजिक और राजनीतिक स्वाभिमान के लिए अपनों के बीच से अपना नेता नहीं चुनेंगे ।  यदि विभिन्न राजनीतिक दलों में रहते हुए सामंती शक्तियां अपने हितों के लिए एकजुट हो सकती हैं, तो दलित-बहुजन समाज को भी अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए अपने सभी मतभेदों को भुलाकर एक मंच पर आना होगा।

वक्ताओं ने स्वर्गीय घूरा राम के राजनीतिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जन्म बलिया जनपद की रसड़ा तहसील के पहाड़पुर गांव में हुआ था। वे एक समर्पित समाजवादी विचारधारा के नेता और बहुजन समाज के लोकप्रिय जनप्रतिनिधि थे। अपने बेबाक व्यक्तित्व और जनसंघर्षों के कारण उन्हें जनपद की राजनीति में " पक्ष का पहाड़" भी कहा जाता था। उन्होंने वर्ष 1993, 2002 और 2007 में लगातार रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित होकर जनता का विश्वास जीता। वर्ष 1995 में वे मायावती सरकार में स्वास्थ्य राज्य मंत्री बने। बाद में बहुजन समाज पार्टी से मतभेद होने पर वे समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। 16 जुलाई 2020 को हृदयाघात के कारण लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में उनका निधन हो गया था।

श्रद्धांजलि सभा को पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी, उत्तीर्ण पाण्डेय, रामेश्वर पाण्डेय, रणजीत चौधरी, बीरबल राम, शेषनाथ राम, रवीन्द्र यादव, विजय शंकर यादव, चन्द्रशेखर सिंह, अंशु कौल, अनिल यादव, वंशीधर यादव, अमलेश चौहान, गया मास्टर सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में स्वर्गीय घूरा राम के ज्येष्ठ पुत्र एवं समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव अनुराग कुमार गर्ग, उनके छोटे पुत्र एवं चिलकहर के ब्लॉक प्रमुख तथा उनके भतीजे एवं प्रधान संघ चिलकहर के ब्लॉक अध्यक्ष अभय कुमार कौशल ने संयुक्त रूप से सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया। श्रद्धांजलि सभा का समापन स्वर्गीय घूरा राम के आदर्शों पर चलने और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ