बच्चों के विवाद में पड़ोसी ने किया तेजाब से हमला

  • तेजाब से मां-बेटी समेत चार लोग हुए घायल
  • पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार 

बांदा। बच्चों के घर के बाहर खेलने को लेकर हुए मामूली विवाद में फल विक्रेता ने किशोर पर एसिड फेंक दिया। किशोर तो बाल-बाल बच गया, लेकिन घर के बाहर बैठी मां, बहन और पड़ोस की दो महिलाएं झुलस गईं। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को उठाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसपी अभिनंदन जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पुलिस ने आरोपी फल विक्रेता को गिरफ्तार कर लिया, उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। 

शहर के कैलाशपुरी मुहल्ला निवासी वैभव (16) पुत्र बृजेश सिंह पड़ोसी बच्चों के साथ घर के बाहर शुक्रवार की दोपहर खेल रहा था। तभी फल विक्रेता गुल्ली तिवारी ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनो में विवाद हो गया। तैश में आकर फल विक्रेता कमरे के अंदर से एक लोटे में तेजाब ले आया और वैभवन पर फेंक दिया। वैभव ने तो किसी तरह अपने को बचा लिया, लेकिन घर के बाहर बैठी उसकी बहन लक्ष्मी सिंह (20), मां रानी सिंह (37) और पड़ोसी शोभा (70) पत्नी चंद्रपाल सेन और उसकी बहू मीनाक्षी (30) तेजाब से झुलस गई। मीनाक्षी और रानी सिंह मामूली रूप से झुलसीं जबकि लक्ष्मी और शोभा गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनो को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फल विक्रेता जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनका उपचार किया जा रहा है। सूचना पाकर एसपी अभिनंदन, सीओ सिटी राकेश सिंह समेत पुलिस के आला अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। गंभीर रूप से झुलसी शोभा के पुत्र लवकुश ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने उसकी तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया। कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ