डीएम व एसपी की निगरानी चुनाव कराने के लिए 1507 पोलिंग पार्टियां हुई रवाना

  • मण्डी समिति से सभी पोलिंग पार्टियों बूथों पर पहुंची
  • आज प्रातः 7 शाम 6 बजे तक होगा मतदान

अरबिंद श्रीवास्तव, ब्यूरो चीफ

बांदा। विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में जिले की चारों विधान सभा क्षेत्रों में 23 फरवरी को मतदान होगा। चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए मंगलवार को नेशनल हाइवे स्थित मंडी समिति परिसर से 1507 पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। पोलिंग पार्टियों के साथ सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। डीएम अनुराग पटेल, एसपी अभिनंदन सहित अन्य अधिकारी नजर बनाए रहे। विदित हो कि जिले में विधानसभा चुनाव के लिए कुल 1507 बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर होने वाले मतदान के लिए 6032 कर्मियों को लगाया गया है। मंडी समिति में पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के लिए चारों विधानसभा के लिए अलग-अलग काउंटर की व्यवस्था की गई। कर्मी सुबह आठ बजे से मंडी परिसर स्थल पहुंचना शुरू हो गए। कर्मियों ने मंडी परिसर पहुंचकर अपने काउंटर की जानकारी ली। 

इसके बाद उन्होंने काउंटरों से ईवीएम, स्टेशनरी, दवा किट, आयुष किट, सैनेटाइजर आदि सामान प्राप्त करने के बाद इनको चेक किया, जिससे किसी चीज की कमी निकलने पर इनकी पूर्ति कराई जा सके। दोपहर 12 बजे के बाद पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो गई। बसों के माध्यम से इनको उनके बूथ तक पहुंचाया गया। उधर, प्रशासन ने 311 पोलिंग पार्टियों को रिजर्व में रखा है। विषम परिस्थितियों में प्रशासन रिजर्व मतदान कर्मियों को पोलिंग बूथों तक भेजेगा। देर शाम तक रवाना की गईं पोलिंग पार्टियों ने बूथों पर पहुंचने के बाद कर्मचारियों ने अपनी चुनाव संबंधी तैयारियां शुरू कर दी। 

अफसर भी पूरे समय तक पोलिंग पार्टियों के बूथों तक सकुशल सुरक्षित पहुंचने की जानकारी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों से लेते रहे। पोलिंग पार्टी में कई ऐसी महिलाओं की ड्यूटी भी लगाई गई, जिनके छोटे बच्चे हैं। ये महिलाएं अपने बच्चों को साथ लेकर मंडी परिसर पहुंची। इन महिलाओं के साथ उनके पति भी मंडी परिसर पहुंचे। महिलाओं को पोलिंग पार्टियों के साथ सकुशल रवाना करने के बाद पति बच्चों को साथ लेकर वापस लौट गए। हालांकि कुछ महिलाओं ने चुनाव के दौरान उनकी ड्यूटी लगाए जाने को गलत बताया। कहा कि पिंक बूथ के अनुसार ही महिलाओं को चुनाव ड्यूटी में लगाया जाए। मंडी परिसर पर स्वास्थ्य विभाग ने भी अपने काउंटर लगाए। इसके साथ ही थर्मल स्क्रिनिंग व हाथों के सेनिटाइजेशन के भी इंतजाम किए गए। 

इसके अलावा मतदान सामग्री के साथ सभी पोलिंग पार्टियों को प्रशासन ने पांच लीटर सैनिटाइजर का गैलन दिया। हिदायत दी है कि सभी मतदान कर्मी समय-समय पर अपने हाथों को सैनिटाइजेशन करते रहे। पोलिंग पार्टी में जाने वाले कर्मियों में काफी संख्या में कर्मी ऐसे भी रहे जो अपने साथ बड़े-बड़े बैग लेकर आए। इन बैग में उन्होंने जहां सुबह के समय स्नान आदि करने के लिए साबुन, पेस्ट, पहनने के कपड़े रखे हुए थे वहीं रात को सोने के लिए कंबल, चादर आदि भी रखा था, जिससे किसी प्रकार की दिक्कत न हो। मंडी परिसर के बाहर एक मात्र चाय-नाश्ता की दुकान खोलने की प्रशासन ने इजाजत दी। पोलिंग पार्टियों में जाने के लिए कर्मी सुबह से ही पहुंचना शुरू हो गए। कुछ कर्मी तो अपने साथ खाना लेकर आए। 

उन्होंने रवानगी से पहले अपना भेजन कर लिया। जो कर्मी अपने साथ खाने के लिए कोई इंतजाम करके नहीं पहुंचे उन्होंने दुकान पर चाय-नाश्ता और पकोड़े आदि खरीदकर अपना पेट भरा। संचालक ने जमकर चांदी काटी। प्रशासन ने पोलिंग पार्टियों को रवाना होने से पहले ही मिनी बाईपास से लेकर बाबूलाल चौराहा तक भले ही दुकानें और वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी थी। ओवरब्रिज के पास बैरियर लगाकर वाहनों को प्रशासन ने रोक दिया। नतीजे में कालूकुआं पुलिस चौकी के नाकतले भीषण जमा लगा गया। घंटों चले जाम में अफसरों से लेकर बूथों को रवाना हुई पोलिंग पार्टियों के वाहन फंसे रहे। पुलिस कर्मियों को जाम खुलवाने में पसीना छूट गया। घंटों की मशक्कत के बाद जाम खत्म हुआ और आवागमन बहाल हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ