अरबिंद श्रीवास्तव, ब्यूरो चीफ
भाजपाईयां ने बैठक में लिया योगी सरकार बनाने का संकल्प
बांदा। विधानसभा चुनाव में बूथ बूथ पर कमल खिला कर, एक बार फिर योगी सरकार बनाने का संकल्प लेकर उतरी भाजपा ने बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय में आवश्यक बैठक कर रणनीति बनाई। जिला पदाधिकारियों, विधानसभा प्रभारियों, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारियों तथा मोर्चा अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए जिला भाजपा प्रभारी कमलावती सिंह ने कार्यकर्ताओं को उत्तर प्रदेश 2022 के महासमर का मंथन कर जीत का अमृत निकालने के मंत्र बताएं। बैठक में अपेक्षित भाजपा पदाधिकारियों को चुनावी भूमिका समझाते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष तथा जिला प्रभारी कमलावती सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं को काम में लगाना, वरिष्ठों का सम्मान बढ़ाना, रूठों को मनाना और संगठन में समन्वय बनाना इस समय हम सबके लिए महत्वपूर्ण है।
भाजपा के कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक का संचालन जिला महामंत्री कल्लू सिंह राजपूत ने किया। जिला प्रवासी अभय प्रताप सिंह यादव ने आगामी कार्य योजना समझाई। भाजपा जिला संयोजक कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि चुनाव की दृष्टि से सभी मंडलों में जिला पदाधिकारियों को अलग से जिम्मेदारी दी गई है। प्रत्येक विधानसभा में संचालन समिति के अलावा विधानसभा के प्रमुख लोगों को सूचीबद्ध कर संगठन कार्य में लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष इंद्रपाल सिंह पटेल, विधानसभा प्रभारी दिनेश तिवारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जगराम सिंह, गिरिजेश तिवारी, ममता मिश्रा, अजीत प्रकाश गुप्ता, विवेकानंद गुप्ता, अखिलेश नाथ दीक्षित, प्रेम नारायण द्विवेदी, धर्मेंद्र त्रिपाठी, संतु गुप्ता, धीरेंद्र सिंह डॉक्टर देवेंद्र भदौरिया, सीताराम वर्मा एसएस भारतीय, पंकज रैकवार, जिला मीडिया प्रभारी आनंद स्वरूप द्विवेदी, अशोक कुशवाहा, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष विजय विक्रम सिंह, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष वंदना गुप्ता, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष संतोष नायक, डॉ राम राज गुप्ता आनंद, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष मोहित गुप्ता, राजेश सेन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
गांजा के साथ शातिर चोर गिरफ्तार
बांदा। विधान सभा चुनाव के मद्देनजर की जा रही चेकिंग के दौरान कमासिन थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी। कमासिन थानाध्यक्ष सुभाषचंद्र चौरसिया अपने हमराही उप निरीक्षक हरगेंद्र सिंह और कांस्टेबिल हाकिम सिंह, अनिल तिवारी के साथ बुधवार को सुबह संदिग्ध लोगों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान राजापुर रोड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसे दौड़ लगा दी। घेराबंदी करते हुए पुलिस ने थाना क्षेत्र के अमलोखर गांव निवासी रिंकू तिवारी उर्फ बउरा पुत्र शिवपूजन को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पुलिस ने एक किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। थानाध्यक्ष के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शातिर चोर और हिस्ट्रीशीटर है। उसके विरुद्ध चोरी, गुंडा एक्ट समेत 10 संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
मार्ग हादसे में भूमि संरक्षण कर्मचारी की मौत
बांदा। ड्यूटी करने के बाद किसी काम से घर वापस जा रहे बाइक सवार भूमि संरक्षण विभाग के कर्मचारी की अज्ञात वाहन की टक्कर से घटनास्थल पर दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना गिरवा थाना क्षेत्र के महुआ गांव के पास हुई। जनपद के अतर्रा कस्बे का निवासी शेखर कुमार (35) भूमि संरक्षण विभाग हमीरपुर में कार्यरत था। वह मंगलवार को ड्यूटी करने के बाद अपने घर अतर्रा कस्बे की ओर जा रहा था।
तभी गिंरवा थाना क्षेत्र के महुआ गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उसे जबरदस्त टक्कर मार दी। जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर डायल 112 पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायल को जिला अस्पताल तक पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। घटना की जानकारी देते हुए मृतक के रिश्तेदार सोनू ने बताया कि घटना महुआ के समीप हुई, किस वाहन के टक्कर से दुर्घटना हुई इस बारे में पता नहीं चल पाया है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बेटी के पैदा होने की खुशी में नवेली बुन्देली जन्मतोत्सव कार्यक्रम सम्पन्न
जसपुरा/बांदा। पैलानी तहसील क्षेत्र के अमारा गांव में आज बुधवार को रागनी पत्नी लव सिंह के घर में पहली बच्ची लवली के जन्म होने पर ग्राम प्रधान की पत्नी मंजू देवी के द्वारा नवेली बुन्देली जन्मतोत्सव का कार्यक्रम मनाया गया।ग्राम प्रधान की पत्नी रागनी के घर मे केक लेकर गई जहां पर केक काटकर तथा गाना बजाने के साथ मे लवली का जन्मतोत्सव मनाया गया।
निबंध प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने बाजी मारी
बांदा। संत कृपाल सिंह इंस्टिट्यूट आफ ला, लामा, बाँदा द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय वार्षिक निबंध लेखन प्रतियोगिता 2021-22 का परिणाम घोषित किया गया। जिसमें जिले की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बाजी मारी। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आये 250 से अधिक निबंध लेखों मे से 8 लेखों का चयन महाविद्यालय द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार किया गया, जिसमें प्रथम स्थान पर श्रद्धा त्रिपाठी (महिला डिग्री कालेज, बाँदा), द्वितीय स्थान पर प्रगति (पं0 जे.एल.एन. कालेज, बाँदा) एवं तृतीय स्थान पर अनुष्का तिवारी (विद्यावती निगम मेमोरियल स्कूल, बाँदा) रही। अतः पांच प्रतिभागियों विजय यादव, राजकुमार, मन्तसा बानो, प्रतिज्ञा सोनी, एवं शबाना बेगम को सांत्वना पुरस्कार हेतु विजेता घोषित किये गये।
कल तिंदवारी आयेंगे डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा
बांदा। तिंदवारी कस्बे के सब्जी मंडी ग्राउंड में 11 फरवरी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा भाजपा द्वारा आयोजित प्रबुद्ध वर्ग संवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। भाजपा जिला प्रवक्ता आनंद स्वरूप द्विवेदी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को चुनाव आचार संहिता एवं कोविड नियमों का पालन करते हुए कस्बे के सब्जी मंडी ग्राउंड में उत्तर प्रदेश के कद्दावर भाजपा नेता तथा उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा दिन में 12 बजे भाजपा के प्रबुद्ध वर्ग संवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
सीओ ने होमगार्ड्स की रुकने की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
पैलानी/बांदा। पैलानी तहसील क्षेत्र के खप्टिहा कलाँ के परमहंस रणछोड़ दास इंटर कॉलेज में विधानसभा चुनाव को देखते हुए आज बुधवार को सीओ सदर सत्य प्रकाश शर्मा ने 200 होमगार्ड्स के रुकने की व्यवस्था को देखा।सीओ सदर सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि आने वाली 23 फरवरी के दिन मतदान को देखते हुए इंटर कॉलेज में 200 होमगार्ड्स के रुकने की व्यवस्था कॉलेज के व्यवसायिक भवन में की गई।जहाँ पर बिजली पानी की समुचित व्यवस्था को देखा गया है।
0 टिप्पणियाँ
Please don't enter any spam link in the comment Box.