अरबिंद श्रीवास्तव, ब्यूरो चीफ
पुरूष व महिला अस्पताल को कायाकल्प अवार्ड की सौगात
- अस्पतालों को पुरस्कार के रूप में मिलेंगे 3.40-3.40 लाख रुपये
बांदा। सरकारी अस्पतालों के बेहतर रखरखाव को लेकर शुरू की गई कायाकल्प अवार्ड योजना में जिला पुरूष और महिला दोनों अस्पतालों का चयन हुआ है। पुरूष अस्पताल की प्रदेश में 20वीं और महिला अस्पताल की 25वीं रैंक है। दोनों अस्पतालों को इस योजना में चयनित होने पर 3.40 लाख- 3.40 लाख रुपए का पुरस्कार मिलेगा। इसकी 25 फीसदी धनराशि स्टाफ को प्रोत्साहन स्वरूप और शेष अस्पताल की सत्रेवाओं पर खर्च होगी। इससे पूर्व भी दोनों अस्पताल इस योजना में चयनित होकर पुरस्कृत हो चुके हैं।
जिला पुरूष अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डा. एसएन मिश्रा ने बताया कि वर्ष 2021-22 के लिए जिला महिला अस्पताल का तीन स्तरों पर आंकलन किया गया था। उसी आधार पर अस्पताल ने 84.22 प्रतिशत अंक अर्जित किए। अंकों के आधार पर पुरूष अस्पताल सेवाओं और रखरखाव के मामले में प्रदेश में 20वें स्थान पर है। उन्होंने इसके लिए पूरे स्टाफ को बधाई दी। इसी तरह जिला महिला अस्पताल भी 83.02 फीसदी अंकों के साथ कायाकल्प अवार्ड योजना में चयनित हुआ है। महिला अस्पताल में सीएमएस डा. सुनीता सिंह ने कहा कि अस्पताल के स्टाफ की बदौलत यह स्थान मिला है। आगे रैंक को और सुधारा जाएगा।
तीन चरणों में आठ बिंदुओं पर होता है आंकलन
कायाकल्प योजना की मंडलीय सलाहकार तरन्नुम सिद्दीकी ने बताया कि योजना के तहत अस्पतालों का तीन चरणों पर आंकलन किया जाता है। प्रथम आंकलन स्वयं अस्पताल के स्तर से होता है। दूसरे आंकलन के लिए बाहरी जनपदों के डॉक्टरों की टीम आती है और तीसरा आंकलन राज्य स्तरीय टीम के स्तर से होता है। तीनों आंकलन में अगर अस्पताल 70 फीसदी अंक अर्जित करता है तो फिर उसे कायाकल्प योजना के तहत चयनित कर लिया जाता है। आंकलन करने वाली टीमें आठ बिंदुओं पर अस्पतालों को परखती है। जिसमें अस्पताल का रखरखाव, साफ-सफाई, बायो मेडिकल निस्तारण, ईको सिस्टम, इन्फेक्शन कंट्रोल, सहयोगी सेवाएं, स्वच्छता को बढ़ावा देने के कार्यों के साथ अस्पताल के चहारदीवारी के बाहर की व्यवस्थाओं को देखा जाता है।
प्रत्येक की अलग-अलग मार्किंग की जाती है। 70 प्रतिशत तक अंक हासिल करने वाले अस्पतालों का चयन हो जाता है। प्रत्येक चयनित अस्पताल को तीन लाख रुपए का पुरस्कार मिलता है। इसके अलावा प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अस्पताल को 50 लाख और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 20 लाख रुपए का पुरस्कार मिलता है। पुरस्कार की धनराशि में 25 प्रतिशत स्टाफ के प्रोत्साहन में खर्च की जाती है और शेष अस्पताल की व्यवस्थाओं पर खर्च किया जाता है।
अटारी दार मकान भरभरा कर गिरा, डेढ़ वर्षीय बच्चे की हुई मौत
- हादसे में माँ गंभीर रूप से हुई घायल
- कालींजर थाना क्षेत्र के गुढाकला गांव की घटना
बांदा। कालिंजर थाना क्षेत्र के गुढाकला गाँव में गुरूवार की शाम करीब 8 बजे अटारनुमा बना मकान अचानक भरभरा कर गिर गया जिसमें घर के अंदर महिला व बच्चा डेढ़ वर्षीय मकान के मलबे में दब गया ,घटना के बाद आसपास के लोगों ने आनन फानन बचाव करते हुये मलबे में दबे महिला व बच्चे को निकाला तबतक शिवम डेढ वर्ष की घटना स्थल पर ही मौत हो चुकी थी और मा ज्ञानवती पत्नी धीरेन्द्र ( 25) गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे ईलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भेजा गया है।
मृतक के फूफा राम औतार ने बताया है कि बगल के पडोसी सुखदेव वर्मा पक्की दीवार मकान बना रहा था उसने धीरेन्द्र के कच्चे अटारी दार बना मकान की दीवार को नीचे से काट दिया और अपनी दीवार बनाने के बाद पानी भर दिया। जिससे कच्ची दीवार शिलन हो जाने की वजह से अचानक गुरूवार की शाम को गिर गई जिसमे मकान के मलबे में दबकर घर के अंदर सो रहे शिवम की मौत हो गई और माँ ज्ञानवती पत्नी धीरेन्द्र वर्मा (25) गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुचे तहसीलदार व कोतवाल ने घटना स्थल पर पहुँच कर देखा व जांच किया है।
नशेड़ी ने युवक पर किया ब्लेड से हमला
- शहर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास की घटना
बांदा। मामूली बात को लेकर हुए विवाद में नशे की हालत में एक युवक ने दूसरे युवक पर ब्लेड से हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। लहूलुहान हालत में घायल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। इंदिरा नगर मुहल्ला निवासी विपुल (24) पुत्र विनय बीए फाइनल वर्ष का छात्र है। वह गुरुवार की रात महाराणा प्रताप चौकी तरफ से घर जा रहा था, तभी आवास विकास के पास नशे में धुत युवक का पड़ोसी भीम नामक युवक से विवाद हो गया।
झगड़ा देख विपुल मौके पर पहुंच गया। उसने समझाने की कोशिश की तो उसका भी युवक से विवाद हो गया। नशे में धुत युवक ने विपुल के गले में ब्लेड से हमला कर दिया। उसके तीन ब्लेडें गले में मारीं, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने घायल को उठाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसका उपचार किया गया। विपुल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विपुल का कहना है कि उसका पड़ोस में ही रहने वाले मनोज से कुछ दिन पहले विवाद हो गया था। इसी खुन्नस के चलते मनोज ने उस पर ब्लेड से हमला कर दिया।
युवक ने किया आत्महत्या
अतर्रा/बांदा। नगर के मोहल्ला सुलक थोक निवासी नंदकिशोर श्रीवास के 22 वर्षीय पुत्र जितेंद्र ने अज्ञात कारणों के चलते कमरे के अंदर गले में फांसी का फंदा डाल आत्महत्या कर लिया सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर विच्छेदन के लिए मेडिकल कॉलेज बांदा भेजें। उक्त जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष हरी शरण सिंह ने बताया कि शुक्रवार की बीती रात लगभग 11ः00 बजे परिजनों से जैसे ही सूचना मिली आनन फानन मौके पर जाकर देखा तो युवक का शव रस्सी के फंदे से निकाल कर तखत में लिटा दिया था तमाम बातचीत करने के दौरान पता चला कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है जिसके चलते युवक ने कमरे के अंदर रस्सी से फांसी का फंदा लगाकर आत्म हत्या किया है मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा है शव का पंचनामा भर विच्छेदन के लिए बांदा भेज दिया गया।
युवक ने गटका जहर, भर्ती
बांदा। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के सिमौनी गांव निवासी पप्पू (25) पुत्र श्रीराम ने गुरुवार की रात घरेलू कलह से तंग आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर घरवालों को जानकारी हुई। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मार्ग हादसे में बाईक सवार घायल
पैलानी/बांदा। पैलानी थाना क्षेत्र के खप्टिहा कलाँ चौकी अंतर्गत कालेश्वर मन्दिर के पास में एक 23 वर्षीय युवक हुआ सड़क हादसे का शिकार।राहगीरों से जानकारी मिलने पर पहुँची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में करवाया भर्ती। बता दें कि कल देर रात को चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेन्दा चौकी अंतर्गत पपरेन्दा गांव का सन्दीप पुत्र महेश उम्र 23 साल कालेश्वर मन्दिर के पास में सड़क हादसे का शिकार हो गया।निकल रहे राहगीरों से जानकारी मिलने पर पहुँची खप्टिहा कलाँ की पुलिस ने तुरन्त ही अपनी सरकारी गाड़ी से घायल को जिला अस्पताल लेकर आए जहाँ पर उसका उपचार करवाया।
दो बाइकों की भिड़ंत में दो राजमिस्त्री घायल
तिंदवारी/बांदा। थाना क्षेत्र के माटा गांव निवासी पवन (25) राममिलन विश्वकर्मा व रामदत्त (50) पुत्र रामसिया राजमिस्त्री हैं। शुक्रवार सुबह थाना क्षेत्र के जमुआ काम करने बाइक से जा रहे थे, तभी जमुआ के मजरा मर्का के पास सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई, दोनों राजमिस्त्री सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए। सेमरी के सत्यवीर सिंह ने दोनों घायलों को पीएचसी में भर्ती कराया जहां से जिलाअस्पताल रिफर कर दिया गया। दूसरे बाइक सवारों को भी मामूली चोटें आईं हैं।
0 टिप्पणियाँ
Please don't enter any spam link in the comment Box.