Crime News : छह सबसे भयावह क्राइम की खबरों को पढ़ें


लूट की घटना की पुलिस ने किया पर्दाफाश

  • तीन अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

बांदा। बीते 6 मार्च को हुई लूट की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को थाना बिसण्डा पुलिस द्वारा लूट के माल सहित  गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। लुटेरों के पास से पुलिस ने तमंचा व कारतूस भी बरामद किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन के कुशल निर्देशन में व अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मीनिवास मिश्र के मार्गदर्शन व क्षेत्राधिकारी बबेरु सियाराम के निर्देशन मे प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिह व उनि आनन्द कुमार मय हमराह पुलिस द्वारा थाना अतर्रा के अन्तर्गत 6 मार्च हुयी लूट की घटना में थाना अतर्रा पर पंजीकृत मुकदमें में घटना को कारित करने वाले अभियुक्तगणो के कब्जे से लूटा गया एक अदद ई-रिक्शा व लूटे गये मोबाइल की सिम बरामद की है। 

इसके अलावा अभियुक्तगणो द्वारा लूट मे प्रयुक्त एक अदद मोटर साईकिल हीरो पैसन व एक अदद तमंचा 315 बोर व तीन अदद जिन्दा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। जिसके आधार पर थाना हाजा मे मुकदमा दर्ज करते हुए अभियुक्तों को जेल भेज दिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में दीपक गोस्वामी पुत्र प्रमोद गोस्वामी, राजू उर्फ शिवप्रताप पुत्र रामस्वरुप सिंह चौहान, गोलू सिंह उर्फ धर्मेन्द्र सिह पुत्र भानू प्रताप सिंह शामिल हैं।

अलग-अलग मार्ग हादसों में आधा दर्जन की दर्दनाक मौत

  • पुलिस ने शवों को पोस्मार्टम के लिए भेजा

बांदा। जिले अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक के बाद एक छह लोगों की मौत हो गई। बिसंडा थाने के उमरेंहडा गांव में किसान को कार ने टक्कर मारकर मौत के घाट उतार दिया, जबकि गिरवां थाने के खुरहण्ड गांव में एंबुलेंस ने युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके अलावा सड़क हादसों में चार अन्य लोग अकाल मौत का शिकार हो गए। सभी मृतक परिवारों में होली पर्व के मौके पर कोहराम मच गया। अबकी बार की होली कई परिवारों को कभी न भरने वाला जख्म दे गई। 

बिसंडा थाना क्षेत्र के इटरा मिलौली गांव निवासी रामदीन (70) पुत्र कुन्ना शुक्रवार की दोपहर बेलगांव से मोपेड लेकर गांव आ रहा था। तभी उमरेहड़ा गांव के पास पीछे से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरो ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। परिजन रामदीन को लेकर ग्वालियर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। वृद्ध की मौत हो जाने के बाद परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक परिजनों ने बताया कि उसके पास 12 बीघा जमीन है, उसी में किसानी करके वह अपने परिवार का भरण पोषण करता था। मृतक के पुत्र रामबाबू समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

दूसरे सड़क हादसे में गिरवां थाना क्षेत्र के खुरहंड गांव निवासी अमित (18) पुत्र सुरेश कुमार शुक्रवार की दोपहर रेलवे स्टेशन से साइकिल लेकर वापस घर जा रहा था। तभी घर के समीप सामने से आ रही एंबुलेस ने उसे कुचल दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन समेत चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंचे घरवालो ने उसे उठाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डाक्टरों ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही घरवालो में कोहराम मच गया। अमित तीन भाईयो में दूसरे नबंर का था। वह मजदूरी करता था। 

इसी तरह नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पनगरा निवासी नत्थूराम (30) पुत्र मेढा यादव र्ट्रक में धान लादकर गिरवां जा रहा था। तभी रिसौरा गांव के पास सड़क पर बैठे अन्ना मवेशी को मचाने मे ट्रक आनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद खंती में पलट गया। जिससे चालक नत्थूराम के अलावा उसका खलासी साथी कुशवाहा (28)घायल हो गए। नत्थूराम को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरो ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर रायबरेली जा रहे थे। रास्ते में दम तोड़ दिया। मौत मिलते ही परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। 

एक अन्य दुर्घटना में अतर्रा थाना क्षेत्र के सुदामापुरी निवासी लाला यादव (28) पुत्र राजा यादव ट्रक चलाता था। वह गुरूवार की रात कानपुर से परचून का सामान लाद कर होली का त्यौहार मनाने गांव आ रहा था। त्यौहार बाद उसे सतना जाना था। तभी बबेरू हरदौली मार्ग पर सड़क किनारे खराब खडे़ ट्रक से उसका ट्रक भिड़ गया। जिससे लाला की मौके पर मौत हो गई। ट्रक में बैठा उसका दो वर्षीय पुत्र उत्तम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से कानपुर ले जाया गया। मौत की खबर मिलते ही घरवालो में कोहराम मच गया।

इसी तरह शहर के सुतरखाना मोहल्ला निवासी कमलेश (45) पुत्र रामराज राजपूत शुक्रवार को अपने एक अन्य साथी के साथ होली मिलने ससुराल गिरवां थाना क्षेत्र के जखनी गांव गया था। रात को वह वापस बाइक से लौट रहा था। तभी गांव के पास बाइक आनियंत्रित होकर पानी भरी नहर में जा गिरी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां से गुजर रहे ग्रामीणो ने उसे पानी से बाहर निकाला कमलेश को गंभीर चोटे आने पर उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरो ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। 

मृतक के बहनोई अरबिंद ने बताया कि कमलेश सिलाई का काम करता था। उसके तीन पुत्रियां एक पुत्र है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक अन्य सड़क हादसे में बबेरू कोतवाली क्षेत्र के अनवान गांव निवासी मनीष (35)पुत्र शिवकुमार बाइक से घर जा रहा तभी सामने से आ रहे बाइक सवार धर्मेद्र (25)पुत्र गनेश निवासी डिभौरा अतर्रा से भिडंत हो गई। जिससे धर्मेद्र की मौके पर ही मौत हो गई थी। मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां इलाज के दौरान मनीष ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में धर्मेद्र की पत्नी रानी भी घायल हो गई है। हादसे के बाद परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मारपीट की घटनाओं में दस लोग हुए घायल

  • अलग अलग स्थानों पर हुईं मारपीट की घटनाएं 

बांदा। शराब पीकर गाली-गलौज करने और अन्य कारणों के चलते होली पर जमकर मारपीट हुई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके साथ ही कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। देहात कोतवाली क्षेत्र के छनेहरा गांव निवासी रामप्रकाश (24) पुत्रमैकू बीती शाम घर के बाहर बैठा था। उसका बड़ा भाई बौरा मां को गाली गलौज कर रहा था। विरोध करने पर बड़े भाई ने उस पर हंसिया से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसी तरह बिसण्डा थाना क्षेत्र के बिलगांव निवासी राजू (40) पुत्र रामसजीवन शुक्रवार की शाम अपने चाचा रामगोपाल के यहां जा रहा था। तभी पड़ोसी उसे गाली गलौज करने लगा। तभी विरोध करने पर आधा दर्जन लोगों ने राजू और उसके बड़े भाई शिवशरण (48), भतीजे गौरव (26) पुत्र शिवशरण को मारपीट कर घायल कर दिया। 

मटौंध थाना क्षेत्र के मोहन पुरवा गांव निवासी पंकज का पुरानी रंजिश को लेकर शुक्रवार की शाम पड़ोसी कामता से विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनो पक्षों में लाठियां चल गईं। इसमें एक पक्ष के पंकज (25), उसका भाई पण्टि (30) और दूसरे पक्ष के कामता (35), उसका भाई रामबाबू (46) घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनो पक्षों की तरफ से पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है। इधर, देहात कोतवाली क्षेत्र के पचनेही गांव निवासी छोटू (35) पुत्र बालगोविंद शुक्रवार की शाम अबीर लेने दुकान जा रहा था, तभी नशे में धुत पड़ोसी उसे गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर आधा दर्जन लोगों ने पीटना शुरू कर दिया। चाचा को पिटता देख भतीजा रामभवन (18) पुत्र विजयपाल, दादी सुदुल्ली (60) बचाने आई तो उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया।


महिला थानाध्यक्ष द्वारा वृद्ध आश्रम में वृद्धों के साथ मनाई होली

बांदा। जिले में दो दिनों तक मनाये गये होली के त्यौहार में बांदा की तेज तरार महिला थाना अध्यक्ष संगीता सिंह ने वृद्धा आश्रम में पहुंचकर वृद्धों के साथ खेली होली वृद्ध भी होली के रंग में रंगे नजर आये। रविवार को महिला थाना अध्यक्ष संगीता सिंह द्वारा वृद्ध आश्रम में वृद्धों के साथ मनाई होली वृद्ध महिलाओं के साथ जमकर होली खेलते हुए सभी को मुबारकबाद दी। इसी दौरान महिला थाना अध्यक्ष सहित महिला थाना का स्टाफ सहित  एक दूसरे को रंग और अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

दो घरों में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर हजारों का समान किया पार

  • पुलिस मामले की जांच में जुटी

चिल्ला/बांदा। चिल्ला थाना क्षेत्र के तारा गांव में बीती देर रात को अज्ञात चोरों ने दो घरों में धावा बोलकर हजारों का समान किया पार, पुलिस जांच में जुटी।बता दें कि थाना क्षेत्र के तारा के सर्वेश पटेल पुत्र रामगोपाल के घर में देर रात को अज्ञात चोर घर में घुसकर रखा हुआ खाने पीने तथा अन्य जरूरी समान लेकर चले गए।वही घर के लोग बगल के ही कमरे में सोते रहे।सुबह जब जगे तो देखा।पीड़ित सर्वेश पटेल ने बताया कि रात में अज्ञात चोर घुसकर उसका घरेलू समान लेकर गए हैं जो लगभग 20 हजार के आस पास का होगा। सर्वेश पटेल ने सुबह जब देखा तो चिल्ला थाना में प्रार्थना पत्र दिया।

जानकारी पाकर मौके पर पहुँचकर चिल्ला पुलिस ने जांच पड़ताल किया है। इसके अलावा तारा में ही बीती रात को अज्ञात चोरों ने अच्छेलाल निषाद पुत्र गंगादीन निषाद के घर में धावा बोलकर समान लेकर गए हैं।गंगादीन निषाद ने बताया कि उसका लड़का अच्छेलाल निषाद अपने बीबी बच्चों सहित परदेश में रहता है।इसलिए वह बटवारे में पाए अपने घर में ताला लगाकर रखा हुआ है।वह बगल वाले घर में रहता है बीती रात की यह घटना है जब सुबह जगे तो देखा है फोन से ही अच्छेलाल निषाद को जानकारी दे दी गई हैं।उसके आने के बाद ही पता चलेगा कि चोर कितना समान लेकर गए हैं।

युवक ने अज्ञात कारणों के चलते घर मे फाँसी लगाकर दी जान

  • घटना के बाद परिजनों में मचा कोहराम

चिल्ला/बांदा। चिल्ला थाना क्षेत्र के महेन्दू गांव में अज्ञात कारणों के चलते 23 वर्षीय युवक ने घर में फांसी लगाकर दी जान, परिजनों में मचा कोहराम। बता दें कि महेन्दू गांव का राहुल निगम पुत्र रामकृपाल निगम ने अपने खपरैलदार घर की लकड़ी में गमछे से फंदा बनाकर फाँसी में झूलकर आत्महत्या कर लिया है। उसने जब आत्महत्या किया उस समय घर के सभी सदस्य खेत मे फसल की कटाई करने गए हुए थे।

खेत से घर पहुँचे परिजनों ने देखा तो कोहराम मच गया। तुरंत ही पड़ोसियों की मदद से शव को फाँसी के फंदे से नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। मृतक के पिता रामकृपाल निगम ने बताया कि राहुल की शादी दो वर्ष पहले हुई थी। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था, जो गांव में ही रहकर खेती किसानी का करता था। मृतक के परिजन फाँसी लगने की वजह नही बता पाए हैं। मृतक की मौत से पत्नी बिट्टू सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ