बांदा जनपद की 9 टॉप खबरों को पढ़ें एक नजर में


सपाइयों ने धूमधाम से मनाया पार्टी सुप्रीमो का जन्मदिवस

  • अखिलेश यादव के जन्मदिवस पर सपाईयों ने मरीजों को बांटे फल

अरबिंद श्रीवास्तव, ब्यूरो चीफ

बांदा। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष विजय करन यादव की अगुआई में सपाइयों ने आज सुबह से ही पहले संकट मोचन मंदिर के सामने खिचड़ी वितरण किया। इसके पश्चात  जिला अस्पताल, वृद्ध आश्रम सहित मेडिकल कालेज में फल वितरण कार्यक्रम एवं उनके दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की ईश्वर से कामना की। हालाकि पार्टी हाई कमान से मनाही होने के चलते ज्यादा धूम धाम से जनपद में कार्यक्रम आयोजित  नही किए गए ज्यादातर कार्यकर्ताओं ने अन्य व फल वितरण जैसे कार्यक्रम कर सादगी पूर्ण तरीके से अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव युवजन सभा ओमनारायण त्रिपाठी विदित, राष्ट्रीय सचिव यूथ ब्रिगेड अजय चौहान दादा, पूर्व कोषाध्यक्ष वृंदावन वैश्य जिला उपाध्यक्ष अशोक श्रीवास विधान अध्यक्ष राकेश राजपूत जिला महासचिव यूथ ब्रिगेड मुलायम यादव जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक सभा मुशीर अहमद जिलाध्यक्ष प्रबुद्ध सभा सुरेंद्र मिश्रा सैनिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष मिश्रीलाल यादव विधानसभा उपाध्यक्ष बब्लू श्रीवास, रोहित राज रोहित कुशवाहा वीरेंद्र गुप्ता नंदकिशोर यादव, विमलेश सिंह यादव रानू कल्लू चौहान अवध बिहारी पुरुषोत्तम यादव अमर सिंह आदि कार्यकर्ता व नेता मौजूद रहे।


मच्छरों पर वार को शुरू हुआ संचारी रोग नियंत्रण अभियान 

  • क्टीमें घर-घर जाकर लोगों को करेंगी जागरूक 
  •  सीएमओ कार्यालय से रवाना हुई वाहन रैल

बांदा। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव पहुंचकर वेक्टर जनित बीमारियों के रोकथाम के लिए जागरुकता बढ़ाएगी। शनिवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर में अपर निदेशक स्वास्थ्य डा. नरेश सिंह तोमर ने हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरूआत कराई। वाहन रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। 

एडी ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान की सफलता के कारण वेक्टरजनित रोग जैसी प्राणघातक बीमारियों में काफी कमी आई है। सरकारी विभागों द्वारा बीमारियों पर लोगों की जागरूकता बढ़ाई जाने के लिए अभियान शुरू हुआ है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एके श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे प्रदेश में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया है जो 31 जुलाई तक चलेगा। कहा कि लोग घरों में साफ-सफाई रखें, जल जमाव न होने दें, सोते समय मच्छरदानी का प्रयाग करें। कहा कि किसी को बुखार होता है तो तत्काल इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल में जांच कराएं। 

अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आरएन प्रसाद ने कहा कि संचारी रोग अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद के सभी नागरिकों का साथ चाहिए। 15 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलेगा। इसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर बीमार लोगों के बारे में जानकारी लेगी और क्षय रोगियों को चिन्हीकरण भी किया जाएगा।इस मौके पर एसीएमओ डा. मनोज कौशिक, जिला मलेरिया अधिकारी पूजा अहिरवार, यूएचसी प्रेमचंद्र पाल, आरआई राधा शर्मा, प्रदीप कुमार, भावना वर्मा सहित स्टाफ मौजूद रहा। 

कुपोषित भी होंगे चिन्हित 

अभियान के दौरान आशा, आंगनबाड़ी और संगिनी कार्यकर्ता घर-घर जाकर कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों की सूची बनाएंगी। फिर यह सूची एएनएम के जरिए ब्लाक मुख्यालय पर भेजी जाएगी। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग कुपोषित व अति कुपोषित बच्चों को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से पोषण पुनर्वास केंद्रों पर उपचार एवं पोषण उपलब्ध कराता है।  

अन्य विभाग भी करेंगे मदद

बांदा। जिला मलेरिया अधिकारी पूजा अहिरवार ने बताया कि चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग, नगर पंचायत विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन विभाग, कृषि एवं सिचाई विभाग, सूचना और उद्यान विभाग की सहभागिता रहेगी। सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई है। जहां भी मच्छर पनपने की संभावना होगी। वहां निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बैंक व साहूकारों के कर्ज से परेशान किसान फांसी पर झूला

  •  कोतवाली क्षेत्र के तिंदवारा गांव की घटना

बांदा। साहूकारों और बैंक के कर्ज के तगाजे से परेशान होकर अधेड़ किसान ने खेत में ही फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक पर बैंक और साहूकारों का लगभग दो लाख रुपये का कर्ज था। प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के तिंदवारा गांव के मजरा भगनापुरवा निवासी राजनारायण (47) पुत्र रामकरण शुक्रवार को परिजनों से शौच जाने की बात कहकर घर से निकल गया। देर तक उसके घर न लौटने पर परिजन खोजबीन करने लगे। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसी बीच खेत गए कुछ ग्रामीणों ने खेत की मेड़ पर लगे पेड़ में उसका शव फांसी के फंदे पर लटकता देखा। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी तो कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से फंदा काटकर शव को नीचे उतारा। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

मृतक के भतीजे बृजनंदन सिंह ने बताया कि राजनारायण ने एक बीघा जमीन पर सब्जी की फसल बोई थी। काफी दिनों पहले खेती-बारी के लिए मुख्यालय स्थित इंडियन बैंक मुख्य शाखा से किसान क्रेडिट से 50 हजार रुपय का कर्ज लिया था। पिछले साल पुत्री रामप्यारी की शादी के लिए गांव के कुछ लोगों से लगभग डेढ़ लाख रुपये का कर्ज लिया था। एक पखवारा पहले खेत में लगी सब्जी की फसल को अन्ना मवेशी सफाचट कर गए। कर्ज अदायगी की चिंता में वह तनाव में रहते थे। इसी से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने घटना की जानकारी राजस्व अधिकारियों को दी है।

जमीनी विवाद को लेकर भाई को अवैध तमंचे से मारी गोली

  • बबेरू कोतवाली क्षेत्र के भदेहदू गांव की घटना

बबेरु/बांदा। बबेरू कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भदेहदू गांव में जमीनी विवाद को लेकर बड़े भाई को छोटे भाई ने गोली मार दिया है। और मौके से फरार हो गया है, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल 112 पीआरबी पुलिस अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डाक्टरों ने उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। कोतवाली क्षेत्र के भदेहदू गांव के रहने वाले नत्थू प्रसाद ने अपने बड़े भाई रामकृपाल पुत्र बलदेव (60) वर्ष को जमीनी विवाद को लेकर अबैध 315 बोर तमंचे से गोली मार दिया है,जिसमें रामकृपाल के दाहिने हथेली में गोली लगी। जिससे एक उंगली भी उड़ गई है, वही गोली मारकर आरोपी नत्थू मौके से फरार हो गया। वहीं परिजनों के द्वारा डायल 112 पीआरवी पुलिस को सूचना दिया मौके पर पहुंची पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू में भर्ती कराया। 

वही सूचना मिलते ही बबेरू कोतवाली पुलिस व क्राइम इंस्पेक्टर जय प्रकाश उपाध्याय पहुंचे और घटना की जानकारी पीड़ित से लिया हैं, जहां पर डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। घटना की जानकारी देते हुए घायल रामकृपाल के पुत्र पंचम ने बताया की मेरा चाचा नत्थू जमीनी विवाद के चलते आज शुक्रवार को सुबह लड़ने झगड़ने लगा, वही पहले ही अपनी जमीन बेच दिया हैं,ऊपर से हमको गाली गलौज करता है,इसी बात को लेकर कहासुनी हो गयी जिससे पहले मेरे ऊपर फायर कर दिया। जिससे मैं बाल बाल बच गया उसके बाद दूसरा फायर पिता के ऊपर कर दिया, जिससे पिता के दाहिने हथेली में गोली लग गयी हैं, जिसको पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया जहाँ डाक्टरो ने इलाज के बाद जिला अस्पताल रिफर कर दिया है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार पाठक ने घटना की जानकारी देते हुए बताया की जमीनी विवाद को लेकर भदेहदू गांव में छोटे भाई ने बड़े भाई को गोली मार दिया है। गोली दाहिने हथेली पर लगी है, जिसको डॉक्टरो ने जिला अस्पताल रिफर किया है, वह खतरे से बाहर है। वही गोली मारने वाले आरोपी भाई नत्थू की तलाश की जा रही है। वही जांच की जा रही हैं जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


मन का तनाव दूर करती है पेड़-पौधों की हरियालीः अजय सिंह

  •  सत्यनारायण इण्टर कालेज में खेल मैदान में हुआ पेड़ों को अनावरण

तिंदवारी (बांदा)। वन विभाग द्वारा कस्बे के सत्यनारायण इंटर कालेज के खेल मैदान के किनारे शुक्रवार को टी गार्ड सहित आंवला, कचनार, गोल्ड मोहर, नीम आदि विभिन्न प्रकार के लगाए गए पेड़ों का अतिथियों द्वारा अनावरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। शुक्रवार को सत्यनारायण इंटर कालेज के खेल मैदान में वन विभाग द्वारा टी गार्ड सहित लगाए गए 60 प्लस विभिन्न प्रकार के पेड़ों का अनावरण करते हुए मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजय प्रताप सिंह, विशिष्ट अतिथि इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य का अवधेश कुमार तथा भाजपा जिला मीडिया प्रभारी आनंद स्वरूप द्विवेदी ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर संदेश दिया। ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि अजय प्रताप सिंह ने कहा कि पेड़ पौधों की हरियाली से मन का तनाव दूर होता है और दिमाग को शांति मिलती है।

पर्यावरण से ही हमारी अनेक प्रकार की बीमारियां भी दूर होती है। पर्यावरण मनुष्य, पशु और अन्य जीवो को बढ़ाने और विकास होने में मदद करती है। मनुष्य भी पर्यावरण का एक महत्वपूर्ण भाग है। प्रधानाचार्य का अवधेश कुमार ने कहा कि आज से ही नहीं बल्कि प्राचीन समय से हमारे देश में पर्यावरण का बहुत महत्व रहा है। क्योंकि प्रकृति का संरक्षण करना मतलब उसका पूजन करने के समान होता है। हमारे देश में पार्वत, नदी, वायु, आग, ग्रह नक्षत्र, पेड़, पौधे यह सभी कहीं ना कहीं मानव के साथ जुड़े हुए हैं।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी आनंद स्वरूप द्विवेदी ने कहा कि पृथ्वी में विद्यमान जल, थल, वायु, वनस्पति, पशु, पक्षी आदि सब ऐसे प्राकृतिक तत्व हैं जो प्राणी जगत के जीवन को संचालित करने के लिए एक ऐसी पर्यावरणीय दशा का निर्माण करते हैं। जिससे न केवल समस्त प्राणी जगत के क्रियाकलाप संचालित होते हैं अपितु उन्हें एक दूसरे पर आश्रित बना देता है। इस अवसर पर उप वन क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह चौहान, वन दरोगा रामप्रसाद, लाल बिहारी कुशवाहा, संदीप गुप्ता, कुलदीप तिवारी, वासुदेव वर्मा, सूरज पटेल, इंद्रजीत सिंह आदि अध्यापकों सहित बड़ी संख्या में कॉलेज के छात्र उपस्थित रहे।


कम लागत में होती है जैविक और प्राकृतिक खेतीः कुलपति

  •  जैविक कृषि विषय पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ

बांदा। महिला किसान सशक्तिकरण परियोजना के अन्तर्गत आज मृदा विज्ञान एवं कृषि रसायन विभाग, कृषि महाविद्यालय, बाँदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय बाँदा में कृषि एवं पशु सखियों का पाँच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण का शुभारम्भ  माननीय कुलपति महोदय द्वारा दीप प्रजव्लन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 नरेन्द्र प्रताप सिंह ने प्रशिक्षण को आज की परिस्थितियों के लिए अनिवार्य बताते हुए कहा कि जैविक एवं प्राकृतिक खेती में लागत कम आती है, साथ ही साथ मृदा स्वास्थ्य ठीक रहता है। यही नही इस प्रकार की खेती में उत्पादित होने वाले उत्पाद की गुणवŸा भी मानव स्वास्थ्य के लिए लाभप्रद होती है। उन्होने कहॉ कि जिस प्रकार से महिलायें घर का प्रबन्धन अच्छी प्रकार से करती है उसी प्रकार से खेती का प्रबन्धन भी बेहतर तरीके से करेगी ऐसा मेरा विश्वास है।

अधिष्ठाता कृषि डा0 जी0 एस0 पवार ने महाविद्यालय के माध्यम से इस प्रकार के प्रशिक्षण को सतत करवाने की पर जोर दिया। छात्र कल्याण अधिष्ठाता डा0 वी0 के0 सिंह ने प्राकृतिक एवं जैविक कृषि में केचुए के योगदान पर प्रकाश डाला। मृदा विज्ञान एवं कृषि रसायन विभाग के अध्यक्ष डा0 जगन्नाथ पाठक ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि विभाग पूरी तनमयता से इन प्रशिक्षणों को सफल करने का प्रयास करेगा। डा0 देव कुमार आयोजक सचिव प्रशिक्षण कार्यक्रम, ने प्रशिक्षण की रूप रेखा को सबके सामने रखते हुए कहा कि इन प्रशिक्षणों में हम व्यवहारिक ज्ञान पर ज्यादा जोर देगे ताकि कृषि एवं पशु सखी प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरान्त अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर तरीके से अन्य महिला किसानों को प्रशिक्षण के साथ-साथ अपने खेतो पर सजीव तकनीकियों का प्रदर्शन कर सके।

सुनील कुमार सिंह, जिला मिशन प्रबन्धक लाइवलीहुड द्वारा मृदा विज्ञान एवं कृषि रसायन विभाग के द्वारा कराये जा रहे प्रशिक्षण के प्रबन्धन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इस प्रकार के प्रशिक्षण को सतत बनाये रखने का अनुरोध व्यक्त किया, ताकि प्रशिक्षण के माध्यम से कृषि एवं पशु सखी द्वारा कराये जा रहे प्राकृतिक व जैविक खेती में सुधार के साथ-साथ समूह से जुड़ी महिला किसानों को स्वालम्बी व आर्थिक , सामाजिक, नैतिक िस्थ्ति में सुधार लाया जा सके और गरीबी स्तर को कम किया जा सके। कार्यक्रम का संचालन डा0 अमित मिश्रा एवं धन्यवाद ज्ञापन निर्देशक प्रशिक्षण एवं नियुक्ति डा0 भानू प्रकाश मिश्रा ने किया।कार्यक्रम के दौरान डा0 ए0 के0 चौबे, डा0 जे0 के0 तिवारी, डा0 वैशाली गंगवार, प्रभात कुमार, प्रभाश कुमार, मंजू देवी, कमलेश , मोहन सिंह ने अपना सक्रिय सहयोग प्रशिक्षण में प्रदान किया।


अभिलाषा बनीं महिला मोर्चा शोध विभाग की प्रमुख

बांदा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा में शोध विभाग की प्रदेश प्रभारी डा.सुषमा रानी की संस्तुति और महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सांसद गीता शाक्य के अनुमोदन के बाद प्रदेश प्रमुख सुमनलता जायसवाल ने शहर के स्वराज कालोनी मोहल्ले में रहने वाली भाजपा की तेज तर्रार महिला नेत्री अभिलाषा मिश्रा को शोध विभाग का जिला प्रमुख नियुक्त किया है। बता दें कि अभिलाषा मिश्रा मौजूदा समय में भाजपा महिला मोर्चा में जिला उपाध्यक्ष के रूप में काम कर रही हैं। अभिलाषा के मनोनयन पर भाजपा नेताओं ने खुशी जाहिर करते हुए दायित्व का निर्वहन करने की शुभकामनाएं दी हैं


शिक्षा और चिकित्सा की समस्या को लेकर स्वराज पैंथर का जोरदार प्रदर्शन

  • राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा

बांदा। शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वराज पैंथर के अध्यक्ष मुन्नालाल दिनकर की अगुवाई में शिक्षा व चिकित्सा की समस्या को हल कराने की मांग लेकर कलक्ट्रेट में धरना देकर विरोध-प्रदर्शन कर राज्यपाल संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा है। राष्ट्रीय स्वराज पैंथर के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुन्नालाल दिनकर के नेतृत्व में शुक्रवार को 4 सूत्रीय मांगों का राज्यपाल व मुख्यमंत्री को नामित ज्ञापन शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में कहा है कि वर्तमान समय में सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर काफी नीचे गिर चुका है। इसका प्रमुख उदाहरण यह है कि शिक्षक भी अपने बच्चों को इन स्कूलों में शिक्षा गृहण न कराकर प्राइवेट महंगे स्कूलों में शिक्षा अध्ययन करा रहे हैं। इसी प्रकार से स्वास्थ्य सुविधाएं भी अपर्याप्त हैं। कहीं मशीने हैं तो कहीं स्टाफ की कमी। 

चिकित्सक कमीशन लेकर मेडिकल स्टोरों की दवाएं लिखकर मरीजों का शोषण कर रहे हैं। श्री दिनकर ने शासन से मांग की है कि सरकारी शिक्षण संस्थानों की व्यवस्था को बेहतर बनाए ताकि गरीब बच्चे शिक्षा अध्ययन कर सके। साथ ही छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। डाक्टरों की निजी प्रैक्टिस पर रोक तथा अस्पतालों की व्यवस्था भी बेहतर की जाए। ज्ञापन देने में राजबहादुर सिंह कुशवाहा, भेला प्रसाद वर्मा, कमलेश कुमार चौधरी, मकबूल अहमद, रामबाबू वर्मा, राजबहादुर अनुरागी, संत धर्मराज यादव, कमलेश यादव समेत बड़ी संख्या में पैंथर के सदस्य मौजूद रहे।

जहर खाने से युवक की हालत बिगड़ी

बांदा। पारिवारिक कलह के चलते युवक ने जहर गटक लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ता देख आनन-फानन में परिजनों ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां पर उसकाउपचार जारी है। जानकारी के अनुसार बिसण्डा थाना क्षेत्र के बिलगांव निवासी कल्लू (20) पुत्र रमाकांत ने शुक्रवार को दोपहर पारिवारिक कलह से क्षुब्ध होकर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई तो उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ