Banda News : संक्षिप्त ख़बरों को पढ़ें मात्र दो मिनट में

नाना का इलाज कराने आये युवक पर चाकू से हमला कर लूटी सोने की जंजीर

  • बीती रात शहर के डीएम कालोनी इलाके में हुई घटना

बांदा। शहर में बेखौफ होकर अपराधी आए दिन लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस लगातार हो रही घटनाओं को रोक पाने में नाकाम साबित हो रही है। मंगलवार की रात शहर के पास इलाके डीएम कालोनी मुहल्ले में आधा दर्जन से अधिक युवकों ने एक युवक को दबोच लिया। उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घायल का आरोप है कि हमलावर उसके गले में पड़ी ढाई तोले सोने की जंजीर लूटकर ले गए हैं। घायल ने घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है।

मटौंध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ निवासी उदित गुप्ता मंगलवार की रात अपने भाई के साथ नाना को दिखाने अस्पताल जा रहे थे, तभी जीआईसी ग्राउण्ड के पास अचानक 8-10 युवकों ने उन्हें घेर लिया और मारने पीटने लगे। उदित ने इसका विरोध किया तो एक युवक ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे चाकू उसके गले में जा लगी। इससे वह लहूलुहान हो गया। हमलावर उसके गले में पड़ी ढाई तोला सोने की जंजीर लूट ली। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हमलावर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। 

घायल को जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया। घायल युवक ने बताया कि उसने सामर्थ नाम के एक युवक को पहचान लिया है। घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दे दी गई है। कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह राजावत का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। वहीं क्षेत्राधिकारी नगर आरके सिंह ने बताया कि जीआईसी ग्राउण्ड के समीप उदित गुप्ता पर उसके तीन दोस्तों ने ही हमला किया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

भाजपा जिलाध्यक्ष के कार्यकाल में लगातार बढ़ रहा पार्टी का जनाधार

  • छोटे-छोटे कार्यकता में हो रहा ऊर्जा का संचार

बांदा। भाजपा जिलाध्यक्ष रामकेश निषाद ने सबका साथ सबका विकास की परिकल्पना को चरिर्तार्थ करते हुए पार्टी के कार्यकर्ताओं को विश्वास जीत लिया है। यही वजह है कि जिले में लगातार भाजपा का जनाधार बढ़ता ही जा रहा है। उनके जिलाध्यक्ष बनने के बाद से ही पार्टी के छोटे-छोटे कार्यकर्ता में ऊर्जा का नया संचार हुआ है। पार्टी में मछुआरा प्रकोष्ठ के संयोजक से अपनी राजनैतिक पारी की शुरूआत करने वाले रामकेश निषाद ने बहुत ही कम समय में जिलाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद को भी पार्टी के निष्ठा के चलते प्राप्त कर लिया। जिलाध्यक्ष का पद ग्रहण करते ही श्री निषाद ने पार्टी के सभी पुराने व नये कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य किया है। यही कारण है कि उनके कार्यकाल में भाजपा का कारवां लगातार बढ़ता ही जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष रामकेष निषाद ने कोरोना काल में भी महत्वपूर्ण समाजसेवा का काम किया है।

आजादी अमृत महोत्सव कार्यक्रम में मतदाता संबंधित गीतों की धूम

पैलानी/बांदा। पैलानी तहसील क्षेत्र के परमहंसश्री रणछोड़ दास इंटर कॉलेज खपटिहाकला में आजादी के अमृत महोत्सव में मतदाता संबंधित गीतों में छात्राओं ने गीत प्रस्तुत कर मतदान में वोट प्रतिशत बढ़ाए जाने को लेकर गीत प्रस्तुत किया कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा राधा देवी ने गीत प्रस्तुत करते हुए कहा कि सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो, तथा हम सब मिलकर वोट करें, विकास रूपी सरकार चुनें वही रागिनी भारती कक्षा नौ ने कहा कि बनो देश के भाग्य विधाता ,अब जागो प्यारे मतदाता।

वहीं, नैन्सी कक्षा 11 ने कहा कि लोकतंत्र का पर्व मनाए, हम सब मिलकर मतदान को जाएं वही प्रधानाचार्य महेंद्र कुमार ने छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में मतदाता संबंधित जागरूकता के कार्यक्रम में छात्र-छात्राएं बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे जो ग्रामीण अंचल में प्रतिभा को निखारने का काम कर रहा है वही कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदान आवश्यक है जिससे अच्छी सरकारों को चुना जा सके कार्यक्रम के दौरान डॉ विनोद कुमार द्विवेदी, रमेश बाबू, मानसिंह, अंकिता द्विवेदी, प्रियंका श्रीवास्तव, ज्ञानचंद, श्याम सिंह यादव, अशोक कुमार त्रिवेदी आदि शिक्षकमौजूद थे संचालन शिक्षक सुरेंद्र सिंह ने किया।

शौच को जा रहे युवक की ट्रेन से कटकर मौत

बांदा। अतर्रा रेलवे स्टेशन आउटर सिग्नल के पास शौच को जा रहे 30 वर्षीय युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। वहां से गुजर रहे प्वाइंट्स मैन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। थाना प्रभारी हरिशरण सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया ट्रेन से कटकर मौत होना प्रतीत हो रहा है। शव की शिनाख्त कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

युवक समेत दो ने गटका जहर, भर्ती

बांदा। शहर के मर्दननाका मुहल्ला निवासी सचिन (20) ने घरेलू किसी बात से नाराज होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर घरवालों को पता चला। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी तरह शहर के परशुराम तालाब मुहल्ला निवासी पुतली (40) ने घरेलू कलह से तंग आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डंपर पलटने से चालक हुआ घायल

बांदा। गिट्टी खाली करते समय डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें सवार चालक घायल हो गया। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला, उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कबरई थाना क्षेत्र के बरबई गांव निवासी सुरेश (45) पुत्र पहाड़ीलाल डंपर में गिट्टी लेकर बाईपास उतारने आया था। गिट्टी उतारते समय डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे वह दबकर घायल हो गया। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने उसे बाहर निकाल लिया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

किशोर ने किया आत्महत्या का प्रयास

बांदा। घरेलू किसी बात से नाराज होकर किशोर ने फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया। हालत बिगड़ने पर घरवालों को जानकारी हो सकी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरवां थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी दीपक (16) पुत्र राम सिंह ने बुधवार की दोपहर घरेलू किसी बात से नाराज होकर कमरे के अंदर रस्सी से फांसी लगा ली। काफी देर बाद जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो मौके पर पहुंचे घरवालों ने देखा तो वह फंदे पर लटक रहा था। आनन-फानन फंदा काटकर उसे नीचे उतार लिया। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ