- जेल से रिहा होने के बाद बोले तिलोई के युवा सपा नेता
कृष्ण कुमार द्विवेदी (राजू भैया)
रायबरेली। कूट रचित षड्यंत्र के चलते मुझे भाजपा के दबाव में जेल भेजा गया। मैंने ना तो प्रधानमंत्री जी के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी की और ना मुख्यमंत्री का अपमान। खुन्नस केवल एक थी कि मैं जनता के लिए लड़ता क्यों हूँ।तो चाहे मुझे जेल भेजा जाए या मेरा काला पानी कर दिया जाए। मैं जनता के साथ खड़ा रहूंगा उसके लिए लड़ता रहूंगा। उक्त बात जेल से रिहा हुए तिलोई के युवा सपा नेता महताब खान ने आज हुई फोनवार्ता के दौरान कही। तिलोई की राजनीति में धूमकेतु की तरह उभरे युवा समाजवादी नेता महताब खान आखिरकार प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करने के मामले में जेल से रिहा हो गए।
इस दौरान तमाम सपाइयों व उनके समर्थकों ने उनका जमकर स्वागत किया। हिंदी दैनिक तिजारत से हुई वार्ता के दौरान महताब खान ने कहा कि मैंने बखिया शब्द बोला तो भाजपाइयों ने उसे खाल शब्द बना दिया और फिर धरना बवाल करके सत्ता का बेजा दबाव बनाकर मुझे जेल भिजवाने में पूरी अपनी उर्जा लगा दी। उन्होंने कहा काश भाजपा के नेता महाराजगंज- इन्हौना सड़क, जिसके लिए आम जनता संघर्ष कर रही है। उसको बनवाने में अपनी इतनी ऊर्जा खत्म करते तो शायद आज नतीजे और होते।
महताब खान ने कहा कि जनता समस्याओं के लिए सड़क पर संघर्ष करें और मैं चुप बैठा रहूं ऐसा नहीं हो सकता। जनता की समस्याओं के लिए लड़ना ही मेरा धर्म है। क्योंकि मेरे नेता मुलायम सिंह यादव जी एवं अखिलेश यादव जी ने हम सभी कार्यकर्ताओं को यही सीख दी है। महताब खान ने कहा कि भाजपा के लोग केवल बड़ाई सुनना पसंद करते हैं।ये आज के तानाशाह सत्ताधारी गरीबों के लिए आवाज उठाने वाले को देशद्रोही की संज्ञा देते हैं।
लेकिन यदि जनता के लिए लड़ना, समस्याओं के खिलाफ आवाज उठाना ये उन्हें गलत लगता है तो यह गलती महताब खान एक नहीं सौ बार, हजार बार करेगा। महताब खान ने जोर देकर एलानिया अंदाज में कहा कि भाजपा मुझे चाहे जेल भिजवा दे या मेरा काला पानी करवा दें। जनता के लिए मैं लड़ता हूं और लड़ता रहूंगा। क्योंकि जनता ही मेरी भगवान है। उन्होंने संघर्ष के दिनों में साथ देने वाले सभी साथियों के प्रति भी आभार भी जताया।

0 टिप्पणियाँ
Please don't enter any spam link in the comment Box.