स्वामी विवेकानंद भारतीय संस्कृति और वेदों के पुरोधाः डा.सबीहा रहमानी
- एनएसएस द्वारा किया गया युवा सप्ताह के अन्तर्गत वेब गोष्ठी का आयोजन
बांदा। सोमवार को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय युवा सप्ताह के उपलक्ष्य में जनपद बांदा के सभी महाविद्यालयों के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के अंतर्गत एक वेब संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह संगोष्ठी प्राचार्य राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाक्टर दीपाली गुप्ता की संरक्षिता में आयोजित की गई। जिसका विषय था ‘भारतीय संस्कृति के अग्रदूत स्वामी विवेकानंद’ इस संगोष्ठी का आयोजन जनपद बांदा की राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी और नोडल अधिकारी डाक्टर सबीहा रहमानी द्वारा किया गया। इस वेब संगोष्ठी में जनपद बांदा समस्त महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा इकाई के स्वयंसेवी छात्र/छात्राएं यूट्यूब के माध्यम से और समस्त महाविद्यालयों के लगभग सौ से अधिक शिक्षक और प्राचार्य, शिक्षक ज़ूम के माध्यम से जुड़े रहे।
इस अवसर पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी के माननीय कुलपति प्रोफेसर मुकेश पाण्डेय ने संगोष्ठी की अध्यक्षता की। मुख्य अतिथि के रूप में रामाशीष, गंगा समग्र के राष्ट्रीय संगठन मंत्री, गो-रक्षा प्रान्त के प्रांत प्रचारक उपस्थिति रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डाक्टर अशोक श्रोती, क्षेत्रीय निदेशक राष्ट्रीय सेवा योजना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, डाक्टर अंशुमाली शर्मा राज्य सम्पर्क अधिकारी, उत्तर प्रदेश, कार्यक्रम समन्वयक डाक्टर मुन्ना तिवारी बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी, डाक्टर उमेश कुमार, डाक्टर अनुपम व्यास, डाक्टर भुवनेश्वर सिंह मस्तैनया आदि उपस्थित रहे और स्वामी विवेकानंद पर अपने अमूल्य विचार भी प्रस्तुत किए। विद्वानों ने कहा युवाओं के आदर्श राष्ट्रीय युवा दिवस के गौरव स्वामी विवेकानंद भारतीय संस्कृति और वेदों के पुरोधा थे। हमें अपनी संस्कृति और आदर्शों, मूल्यों का अनुसरण करते हुए आगे बढ़ना चाहिए।
नायब तहसीलदार के नेतृत्व में निकाली गई मतदाता जागरूकता रैली
बबेरु/बांदा। बबेरू तहसील क्षेत्र अंतर्गत आलिहा गांव में बबेरू तहसील के नायब तहसीलदार के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई है। और आने वाले 23 फरवरी को हो रहे मतदान में ज्यादा से ज्यादा लोगों को मतदान करने के लिए जागरूक किया गया है। साथ ही गांव में सभी लोगों को वैक्सीन लगाने के लिए भी जागरूक किया है।
बबेरू तहसील क्षेत्र अंतर्गत आलिहा गांव पर आगामी विधानसभा चुनाव 23 फरवरी को होने जा रहे हैं, जिसको लेकर बबेरू नायब तहसीलदार अभिनव तिवारी के नेतृत्व में गांव में घर घर जाकर मतदान करने के लिए लोगों को जागरूक किया गया है। साथ ही साथ गांव में हो रहे वैक्सीनेशन में भी भाग लेने के लिए जागरूक किया गया है। और कहा है कि कोई भी व्यक्ति छूटने ना पाए सभी लोग वैक्सीनेशन जरूर करवाएं, क्योंकि वैक्सीनेशन करवाने से महामारी से बचा जा सकता हैं। इस मौके पर गांव के लेखपाल, ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम प्रधान सहित दर्जनों ग्रामीण मतदाता जागरूकता रैली में मौजूद रहे।
मतदान के प्रति किया जा रहा जागरूक
तिंदवारी/बांदा। 2019 में तत्कालीन जिलाधिकारी हीरालाल के 90 प्रतिशत मतदान के सफलता के बाद अब बाँदा के जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने आगामी विधानसभा चुनाव का प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से मतदाता जागरूकता अभियान शुरू कराया है। जिसको लेकर गांव-गांव में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत श्लोगनों से परिलक्षित रैलियां निकाली जा रही हैं।
इसी क्रम में क्षेत्र के गरौती, बम्बिया, दोहतरा आदि गांवों में मतदाता जागरूकता रैलियां निकाली गई।गरौती में प्रधान फूलकुमारी व प्रधान प्रतिनिधि प्रमोद कुमार, बम्बिया में प्रधान शोभा देवी व प्रतिनिधि देवीदीन, दोहतरा प्रधान संतराम यादव आदि की अगुवाई में गांव के महिलाओं, पंचायत कर्मचारियों और शिक्षकों ने माइक द्वारा 75 प्रतिशत मतदान करने की ग्रामीणों से अपील की।
कोरोना वैक्सीन की बूस्टर डोज़ की हुई शुरुआत
तिंदवारी/बांदा। पीएचसी की 45 वैक्सिनेशन टीमों ने क्षेत्र के 45 गांवों में क़रीब तीन हजार 15 से 18 वर्ष के किशोर/किशोरियों के कोरोना वैक्सीन की पहली डोज़ लगाई गई। इस दौरान ग्राम प्रधान, शिक्षा मित्रों व शिक्षकों ने भी सहयोग किया। जौहरपुर ग्राम प्रधान धर्मेंद्र सिंह परमार ने घर-घर जाकर कोरोना की वैक्सीन लगवाने के लिए जागरूक किया। वहीं पीएचसी में कोरोना वैक्सीन के अलावा बूस्टर डोज़ लगाने की शुरुआत हो गई है। बूस्टर डोज़ भी एक दर्जन लोगों ने लगवाया है। पीएचसी के नेत्र परीक्षण अधिकारी डॉ. शोभित गुप्ता ने अपने माता पिता के बूस्टर डोज़ लगवाने के बाद पीएचसी में बने सेल्फ़ी पॉइंट में फ़ोटो खिंचवाई।
प्रभारी चिकित्साधिकारी दिनेश चंद्र राजपूत ने बताया कि दो दिन में टीमों ने क्षेत्र 45 गांवों में 2719 किशोर/किशोरियों को कोरोना की पहली डोज़ लगाई है। सभी का सहयोग मिल रहा है। उधर यह भी बताया कि बूस्टर डोज़ पीएचसी में लगाई जा रही है। 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोग जिसको वैक्सीन की दूसरी डोज़ लगवाए 9 माह हो गए हैं, वह बूस्टर डोज़ लगवा सकता है।
भागवत कथा से पहले निकाली भव्य शोभायात्रा
- शहर के विभिन्न चौराहों से गाजे-बाजे के साथ निकाली गई शोभायात्रा
बांदा। सोमवार को कैलाशपुरी में श्रीमद् भागवत कथा का कलश यात्रा के साथ शुभारंभ किया गया। कथा व्यास पंडित वीरेंद्र स्वरुप द्विदी की अगुवाई में ढोल नगाड़े के साथ निकाली गई शोभायात्रा में शामिल भक्तों के जयघोष और भजन कीर्तन से माहौल भक्तिमय हो गया था।
विधि विधान से पूजन के बाद कलशों की स्थापना के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। आचार्य पंडित वीरेन्द्र स्वरूप द्विदी कार्यक्रम के आयोजक संदीप कुमार दुबे पिंकू भागवत कथा एवं रामचरित मानस यज्ञ श्रीराम कथा 17 जनवरी से 25 जनवरी को समापन के बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस मौके परकमलेश दुबे, नरेंद्र सोनी, कुलदीप, चंद्रकांत दुबे, कुशल, प्रदीप, राघव, वेदांत दुबे आदि मौजूद।
चोरी के आरोपी को मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार
तिंदवारी/बांदा। रविवार को मुंबई से आई पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र लोहारी गांव निवासी चोरी के आरोपी सूर्या पुत्र कुबेर सिंह को उसी के घर से गिरफ्तार कर लिया। मुंबई से आई पुलिस टीम के मुताबिक सूर्या सिवड़ी में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था, इसी दौरान वहां वर्ष 2019 में एक दुकान में चोरी की थी, दुकान के मालिक ने चोरी का मामला मुंबई के सिवड़ी थाना में वर्ष 2019 में दर्ज कराया था। जांच के दौरान सूर्या का चोरी में सामिल होना पाया गया, सुरागकशी कर सूर्या को गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को न्यायालय से अनुमति के बाद मुंबई ले जाया जायेगा। सोमवार को न्यायालय में आरोपी को अपने साथ ले जाने की अर्जी दाखिल की है। इंस्पेक्टर प्रभुनाथ सिंह ने भी मुंबई से आई पुलिस टीम ने चोरी के आरोपी लोहारी गांव निवासी सूर्या पुत्र कुबेर सिंह को गिरफ्तार कर ले जाने की पुष्टि की है।
शान्ति भंग का उल्लंघन करने वाले दो अभियुक्तो के खिलाफ की गई कार्यवाही
बबेरु/बाँदा। बबेरू कस्बे पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रखते हुए, अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के क्रम पर बबेरू पुलिस के द्वारा गश्त के दौरान आदर्श आचार संहिता व शांति भंग करने के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया है। बांदा पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के कुशल निर्देशन पर आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रखते हुए अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाए जाने के क्रम पर बबेरू कोतवाली पुलिस के द्वारा पैदल गस्त किया जा रहा था। तभी प्रभाकर नगर के पास विनय कुमार पुत्र रामदास उम्र 35 वर्ष निवासी प्रभाकर नगर बबेरू, सुशील प्रजापति पुत्र रामदीन उम्र 35 वर्ष निवासी मनोरथ थोक बबेरू यह आपस मैं झगड़ा कर रहे थे। तभी गश्त कर रही पुलिस ने आदर्श आचार संहिता व शान्ति भंग के उल्लंघन करने के आरोप में दोनों को गिरफ्तार कर लिया। और बबेरू कोतवाली पर मुकदमा पंजीकृत कर मेडिकल उपचार करवाने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय भेज दिया गया है।

0 टिप्पणियाँ
Please don't enter any spam link in the comment Box.