अभियान चलाकर शहर को किया जाए साफ : आयुक्त

  • नगर पालिका ईओ और अधिकारियों के साथ की बैठक 
  • यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए भी किया निर्देशित 

अरबिंद श्रीवास्तव, ब्यूरो चीफ

बांदा। शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए आयुक्त दिनेश कुमार सिंह ने नगर पालिका और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक करते हुए कहा कि अभियान चलाकर शहर को साफ और स्वच्छ बनाया जाए। सफाई व्यवस्था में सहयोग न करने वालों का चालान किया जाए। शहर के प्लाटों और नालियों में भरे पड़े कचरे को साफ किया जाए। शहर के बाहरी इलाकों और शहर के प्रवेश द्वारों पर अभियान चलाकर सफाई की जाए। इधर, कचरा फैलाने पर रविवार को 51 लोगों का चालान किया गया। आयुक्त ने लोगों से अपील की है कि सफाई व्यवस्था में सहयोग करें, ताकि अपने शहर को साफ और स्वच्छ रखा जा सके। 

आयुक्त श्री सिंह ने बताया कि भ्रमण के दौरान उन्होंने देखा कि लोगों ने कूड़ादान रख लिया है और कचरा उसी में डाल रहे हैं। दुकान और घर के सामने या सड़क या नाला नाली में कोई कूड़ा नहीं फेंक रहे। इससे शहर 24 घंटे साफ दिखाई दे रहा है। आयुक्त ने शहरवासियों का सफाई व्यवस्था में सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि जो लोग कूड़ा फैला रहे हैं, वह अपने घर में कूड़ा दान रखें। जो भी कूड़ा घर में उत्पन्न होता है या दुकान में उत्पन्न होता है, उसको कूड़ेदान में सुरक्षित रखें। नगर पालिका के कर्मचारी गाड़ी लेकर जब आएं तो उसमें कूड़ा पलट दें। 24 घंटे में अगर एक बार गाड़ी ना आए तो नगर पालिका के कंट्रोल रूम में फोन करके सूचना दें। वहां से गाड़ी आएगी और कूड़ा ले जाएगी। 

आयुक्त ने बताया कि उन्होंने शनिवार को शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में जिला अधिकारी, नगर पालिका के अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के साथ ही शहर की चौकियों के इंचार्ज उपस्थित थे। अधिशासी अधिकारी और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को अभियान चलाकर शहर को स्वच्छ बनाने के लिए कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। कहा गया है कि जो लोग कूड़ा फैलाते हैं, उनको किसी दशा में ऐसा न करने दिया जाए और उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। साथ ही साथ शहर में प्रवेश करने वाले सभी मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरा उठाया जाए, ताकि बांदा शहर के छवि अच्छी बने। साथ ही साथ यह भी कहा गया है कि प्रत्येक मोहल्ले में भी अभियान चलाया जाए।

नालियों की सफाई की जाए और लोगों को जागरूक किया जाए। खाली प्लाटों और नालियों में जो कूड़ा है उसको उठाया जाए। पूर्ण स्वच्छता अभियान चलाया जाए। इधर, आयुक्त श्री सिंह ने परिवहन विभाग व पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में निर्देशित करते हुए कहा कि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए फिर से अभियान चलाते हुए युद्ध स्तर पर कार्रवाई की जाए। आयुक्त ने कहा कि जो लोग सड़क पर गाड़ी खड़ी करके गप्पे लड़ाते हैं और सवारियां भरते हैं, इससे जाम लगता है। आयुक्त ने आरटीओ और पुलिस विभाग को कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा है कि सभी वाहन निर्धारित स्थान पर खड़े कराए जाएं, लापरवाही करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान करने की कार्रवाई की जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ