मोदी के शपथ ग्रहण में दिखा सभी वर्गों का समीकरण, किसको कौनसी मिनिस्ट्री

प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार यानी 9 जून 2024 को तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। राष्ट्रपति भवन में हुए भव्य समारोह में पीएम मोदी समेत 72 सांसदों ने मंत्री पद की शपथ ली। पीएम के अलावा 30 कैबिनेट मंत्री, पांच राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 36 राज्य मंत्रियों ने पद और गोपनीयती की शपथ ली। पीएम मोदी ने आज शपथ ग्रहण कर पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की बराबरी कर ली, जो लगातार तीन बार देश के प्रधानमंत्री रह चुके हैं।

आपको बता दें कि शपथ ग्रहण के अगले दिन से मोदी ने प्रधानमंत्री कार्यालय का कार्यभार संभाल लिया है। प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि शुरू से ही पीएमओ ने सेवा का अधिष्ठान और जनता का पीएमओ बनाने का प्रयास किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने पीएमओ को एक उत्प्रेरक एजेंट के रूप में विकसित करने का प्रयास किया है, जो नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत बने।

उन्होंने कहा कि सरकार का मतलब है शक्ति, समर्पण और संकल्प की नई ऊर्जा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पीएमओ समर्पण के साथ लोगों की सेवा करने के लिए तैयार है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि अकेले मोदी ही सरकार नहीं चलाते, बल्कि हजारों लोग एक साथ मिलकर जिम्मेदारी उठाते हैं और परिणाम स्वरूप, नागरिक ही इसकी क्षमताओं की भव्यता के साक्षी बनते हैं।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनकी टीम में शामिल लोगों के पास समय की कोई बाध्यता नहीं है, सोचने की कोई सीमा नहीं है और न ही प्रयास करने के लिए कोई निर्धारित मानदंड हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरे देश को इस टीम पर भरोसा है। उन्होंने इस अवसर पर अपनी टीम का हिस्सा रहे लोगों को धन्यवाद दिया और उन लोगों का भी आह्वान किया जो अगले पांच वर्षों के लिए विकसित भारत की यात्रा में शामिल होना चाहते हैं और राष्ट्र निर्माण के लिए खुद को समर्पित करना चाहते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम सब मिलकर विकसित भारत 2047 के इरादे के साथ 'राष्ट्र प्रथम' के लक्ष्य को प्राप्त करेंगे। उन्होंने यह भी दोहराया कि उनका हर पल राष्ट्र का है। मोदी ने बताया कि इच्छा और स्थायित्व का जोड़ दृढ़ संकल्प बनाता है, जबकि दृढ़ संकल्प के साथ कड़ी मेहनत करने पर सफलता मिलती है। अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि अगर किसी की इच्छा स्थायी है, तो वह संकल्प का रूप ले लेती है, जबकि लगातार बदलती इच्छा केवल एक लहर है।

इसके अवाला पीएम ने देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की इच्छा व्यक्त की और अपनी टीम को भविष्य में पिछले 10 वर्षों के काम से बेहतर प्रदर्शन करते हुए वैश्विक मानदंड से आगे निकल जाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हमें देश को उन ऊंचाइयों पर ले जाना चाहिए, जिसे किसी अन्य देश ने कभी हासिल नहीं किया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सफलता के लिए विचारों की स्पष्टता, दृढ़ विश्वास और काम करने की ललक जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि अगर हमारे पास ये तीन चीजें हैं, तो मुझे नहीं लगता कि सफलता नहीं मिलेगी।

उन्होंने भारत सरकार के कर्मचारियों को श्रेय दिया, जिन्होंने खुद को एक विजन के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि ये कर्मचारी सरकार की उपलब्धियों में बड़ी हिस्सेदारी के हकदार हैं। मोदी ने कहा कि इन चुनावों ने सरकारी कर्मचारियों के प्रयासों पर मुहर लगाई है। उन्होंने अपनी टीम को नए विचार विकसित करने और काम के पैमाने को बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रधानमंत्री ने संबोधन का समापन अपने ऊर्जावान बने रहने की वजह पर प्रकाश डालते हुए किया और कहा कि एक सफल व्यक्ति वह होता है जो अपने भीतर के छात्र को जीवित रखता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जैसे ही प्रधानमंत्री कार्यालय का कार्यभार संभाल, उसके अगले ही दिन अन्य केंद्रीय मंत्री को उनका पदभार मिला। आइए जाने किसको कौनसी मिनिस्ट्री -

अमित शाह

(केन्द्रीय गृह मंत्री)

अमित शाह ने नॉर्थ ब्लॉक स्थित गृह मंत्रालय में केन्द्रीय गृह मंत्री के रूप में पुन: पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद ट्विटर पर एक पोस्ट में केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गृह मंत्रालय देश और देशवासियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध होकर निरंतर कार्य करता रहेगा। उन्होंने कहा कि मोदी 3.0 में देश की सुरक्षा नीतियों एवं प्रयासों को नई ऊँचाइयाँ मिलेगी और भारत आतंकवाद व नक्सलवाद के खिलाफ एक मजबूत शक्ति बन कर उभरेगा। 

इससे पहले, केन्द्रीय गृह मंत्री ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धासुमन अर्पित किये। उन्होंने कहा कि देश के सम्मान की रक्षा और राष्ट्रप्रेम की भावना को अपने सर्वोच्च बलिदान से अमर बनाने वाले देश के वीर पुलिसकर्मियों को मैं नमन करता हूँ।

नितिन गड़करी

(केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री)

नितिन गड़करी ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। इनके साथ ही अजय टम्टा और हर्ष मल्होत्रा ने भी राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। आपको बता दे कि गड़करी ने मोदी 3.0 में इस भूमिका को फिर से सौंपने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत में तेजी से विश्वस्तरीय और आधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास होगा।

निर्मला सीतारमण

(केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री)

निर्मला सीतारमण ने नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री का कार्यभार संभाला। नॉर्थ ब्लॉक स्थित कार्यालय में वित्त सचिव डॉ. टीवी सोमनाथन और वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय के अन्य सचिवों ने सीतारमण का स्वागत किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें एक बार फिर केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री के रूप में काम करने तथा उनके मार्गदर्शन में भारत और इसके लोगों की सेवा करने का अवसर मिला। उन्होंने पिछले 10 वर्षों में मजबूत नेतृत्व और विकासोन्मुख शासन को स्वीकार किया, जिसने विभिन्न क्षेत्रों में परिवर्तनकारी बदलाव किए हैं तथा एक मजबूत और लचीली अर्थव्यवस्था बनाई है।

कार्यभार संभालने के बाद, केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री को वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय के विभिन्न विभागों के सचिवों द्वारा मौजूदा नीतिगत मुद्दों के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि सरकार अपने नागरिकों के लिए 'जीवन की सुगमता' सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में आगे भी कदम उठाती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि 2014 से किए गए सुधार जारी रहेंगे, जो भारत के लिए व्यापक आर्थिक स्थिरता और विकास प्रदान करेंगे। उन्होंने वैश्विक चुनौतियों के बीच हाल के वर्षों में भारत के विकास की सराहनीय गाथा पर भी प्रकाश डाला तथा कहा कि आने वाले वर्षों के लिए एक आशावादी आर्थिक दृष्टिकोण है।

उन्होंने विभागों से एनडीए सरकार के विकास एजेंडे को नए जोश के साथ आगे बढ़ाने और प्रधानमंत्री के 'विकसित भारत' के दृष्टिकोण को प्राप्त करने के लिए उत्तरदायी नीति निर्धारण सुनिश्चित करने का आग्रह किया। केंद्रीय वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' में विश्वास करती है और उन्होंने मजबूत और जीवंत अर्थव्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उद्योग जगत की हस्तियों, नियामकों और नागरिकों सहित सभी हितधारकों के निरंतर समर्थन और सहयोग का आह्वान किया।

डॉ. जितेंद्र सिंह

 (विज्ञान मंत्रालय के राज्य मंत्री) 

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कार्यभार संभालने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र  मोदी को उनके निरंतर विश्वास, समर्थन और प्रोत्साहन के लिए धन्यवाद दिया। डॉ. सिंह ने कहा कि हमारी धरती के सामने आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए साहसिक कार्रवाई और वैज्ञानिक नवाचार की आवश्यकता है। हमें सतत विकास को बढ़ावा देने, जलवायु पर खतरे को कम करने, डेटा-संचालित नीति और निर्णय लेने को आगे बढ़ाने, अपने लोगों को जोखिमों से बचाने और भावी पीढ़ियों के लिए पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए पृथ्वी विज्ञान की अपार क्षमता का दोहन करने के लिए प्रतिबद्ध रहना चाहिए। इनका स्वागत पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव डॉ. एम. रविचंद्रन ने किया। 

अपने स्वागत भाषण में डॉ. एम. रविचंद्रन ने कहा कि डॉ. जितेंद्र सिंह जी के नेतृत्व में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय परिवर्तनकारी पहलों की दिशा में आगे बढ़ने के लिए तैयार है, जिसका उद्देश्य हमारी धरती के संसाधनों की विशाल क्षमता का स्थायी रूप से इस्तेनमाल करना और हमारे नागरिकों की जरूरतों को पूरा करने की राह में आने वाली चुनौतियों से निपटना, नागरिकों को सूचित रखना और सामुदायिक लचीलापन बनाए रखना है। इस अवसर पर पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अपर सचिव और वित्तीय सलाहकार, संयुक्त सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

प्रतापराव गणपतराव जाधव 

(स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री)

प्रतापराव गणपतराव जाधव ने केंद्रीय राज्य मंत्री का कार्यभार संभाला। उनके पास आयुष मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) का प्रभार भी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में कार्यभार संभालने से पहले अपने आवास पर पौधारोपण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने अंगदान करने का संकल्प भी लिया।

उन्होंने महाराष्ट्र के लोगों का विभिन्न पदों पर प्रतिनिधित्व किया है जिनमें महाराष्ट्रस विधानसभा में तीन बार बतौर विधायक और खेल, युवा कल्याण तथा सिंचाई राज्य मंत्री का पद भी शामिल है। उन्होंने 2009, 2014, 2019 और फिर 2024 में महाराष्ट्र  के बुलढाणा निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुने गए। वे 1997 से 1999 तक महाराष्ट्र सरकार में खेल, युवा कल्याण और सिंचाई राज्य मंत्री भी रहे। लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद से, उन्होंने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संबंधी स्थायी समिति के अध्यक्ष और संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी स्थायी समिति के अध्यक्ष जैसे प्रमुख पदों पर कार्य किया है।

अश्विनी वैष्णव 

(केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री)

अश्विनी वैष्णव ने रेल भवन में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री का पदभार ग्रहण किया। रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष एवं सीईओ जया वर्मा सिन्हा ने वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के साथ रेल भवन में उनका स्वागत किया। हाउसकीपिंग स्टाफ और रेलवे के अन्य अधिकारियों ने भी अश्विनी वैष्णव को पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी। मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा निर्धारित दीर्घकालिक विजन को साकार करने के लिए अपनी अटूट प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का रेलवे के साथ एक विशेष भावनात्मक जुड़ाव है और उन्होंने मुझे अपने परिवर्तनकारी दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि भारतीय रेलवे आम जनता के लिए परिवहन का एक किफायती और सुविधाजनक साधन बना रहे।

आपको बता दें कि 8 जुलाई, 2021 को पहली बार रेल मंत्री बने वैष्णव ने अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत आशा और उम्मीद के साथ की थी। अपने पिछले कार्यकाल के दौरान, उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा निर्धारित दूरदर्शी एजेंडे के अनुरूप कई परिवर्तनकारी परियोजनाओं की शुरुआत की और उन्हें क्रियान्वित किया। इन पहलों में रेलवे के बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण और पुनरोद्धार शामिल है, जिसमें स्टेशनों का परिवर्तन, नई ट्रेनों की शुरूआत, व्यापक स्टेशन पुनर्विकास कार्यक्रम, नई रेल लाइनों की शुरुआत और व्यापक विद्युतीकरण जैसी पहल शामिल हैं। अश्विनी ओडिशा से राज्यसभा के सदस्य हैं। वे पूर्व आईएएस अधिकारी थे और उन्होंने जिला कलेक्टर के रूप में सुंदरगढ़, बालासोर और कटक के लोगों की सेवा की। उन्होंने आईआईटी कानपुर से प्रौद्योगिकी स्नातकोत्तर और व्हार्टन से एमबीए किया है।

अनुप्रिया पटेल 

(रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय में राज्य मंत्री) 

अनुप्रिया पटेल ने शास्त्री भवन में रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने देश की सेवा करने का अवसर देने के लिए भारत के प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और केन्द्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के मार्गदर्शन में रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय 2047 तक नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में वे जल्द ही मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रगति की समीक्षा करेंगी, ताकि इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए अगले पांच वर्षों में “100 दिवसीय कार्य योजना” सहित विभिन्न पहलों की शुरूआत की जा सके।

इससे पहले, पटेल वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री (2021 से हाल ही तक) और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री (2016-2019) का कार्यभार संभाल चुकी हैं। वह पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस, महिला सशक्तिकरण, ओबीसी कल्याण, सड़क परिवहन राजमार्ग और शिपिंग, रेलवे सम्मेलन, ऊर्जा जैसी विभिन्न संसदीय समितियों का भी हिस्सा रही हैं।

जगत प्रकाश नड्डा

(केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री)

जगत प्रकाश नड्डा ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। आपको बता दें कि जेपी नड्डा ने 1975 में राजनीति में प्रवेश किया। 1989 के लोकसभा चुनावों के दौरान उन्हें भाजपा की युवा शाखा के चुनाव प्रभारी के रूप में एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई। बाद में, उन्होंने अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश से विधानसभा चुनाव लड़ा और तीन बार जीते। वे हिमाचल प्रदेश में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य सचिव की जिम्मेदारी भी निभाई। उन्होंने नवंबर 2014 से मई 2019 तक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का पद संभाला। 

शिवराज सिंह चौहान 

(कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय) 

केन्द्रीय कृषि व किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूजा-अर्चना कर कृषि मंत्रालय का पदभार आज ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने कृषि मंत्रालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान मंत्रालय के लिफ्टमैन, एमटीएस, क्लर्क स्तर के कर्मचारियों से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि मंत्रालय में मौजूद सभी सफाईकर्मी, एमटीएस आदि हमारे साथी है, हमारे लिए सभी महत्वपूर्ण है। शिवराज ने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पर विजट कर महत्वपूर्ण जानकारी भी ली। इस सेंटर में देश के विभिन्न राज्यों की वर्तमान में फसल की स्थिति, क्रॉप वेदर की स्थिति, वर्षा की स्थिति, कम वर्षा या ड्राट एरिया की जानकारी सहित विभिन्न फसलों की जानकारी प्राप्त की।

पदभार ग्रहण करने के बाद कृषि विभाग के अधिकारियों को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटी का संकल्प पत्र सौंपा। संकल्प पत्र देने के बाद चौहान ने कृषि विभाग की टीम को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। चौहान ने कहा कि मैं ये अंतरात्मा से कह रहा हूं कि काम मेरे लिए पूजा है, दिन-रात मिलकर काम करेंगे। राजनीति हमारे लिए कर्मकांड नहीं, सेवा का माध्यम है। आज मैं मोदी जी की गारंटी का संकल्प पत्र आपको सौंप रहा हूं, इसे हर हाल में हमें पूरा करना है। एक-एक क्षण का उपयोग करना है। मोदी जी विजनरी लीडर है, उनके मार्गदर्शन में संकल्प पत्र में दिए कार्यों को समय के साथ पूरा करने के रोडमैप पर सभी काम करे। 

यह आपका सौभाग्य है कि आप सब देश के लिए महत्वपूर्ण काम कर रहे हैं। देश का भविष्य और भाग्य बदलने का काम आप कर रहे हैं। भारत कृषि क्षेत्र में अद्भुत काम कर रहा है, इसे और बेहतर करना है, अपनी पूरी क्षमताओं के साथ काम करना है। काम कोई एक या तीन मंत्री नहीं करते, पूरी टीम मिलकर काम करती है, कमिटमेंट के साथ करती है। हमारे विभाग का नाम कृषि के साथ किसान कल्याण है, मतलब अन्नदाता का कल्याण, उनकी जिंदगी बदलना ही हमारा मिशन है। हमें अपनी टीम के हर सदस्य का, टीम के टेलेंट का सर्वोच्च उपयोग करना है। जो अनुभवी हैं, विशेषज्ञ हैं, उनका मार्गदर्शन लेना है। हम करोड़ों-करोड़ लोगों के लिए काम कर रहे हैं, पूरी तरह से पारदर्शी व्यवस्था रहे हैं, यह मैं पहले दिन से कह रहा हूं। मैं आपका सर्वश्रेष्ठ चाहता हूं, मैं सब चीजें समझे बिना दिल्ली नहीं छोड़ूगा। मुझे पूरी जानकारी चाहिए।

प्रल्हाद जोशी 

(उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय) 

प्रल्हाद जोशी ने आधिकारिक रूप से उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया है। पूर्व केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री पीयूष गोयल ने राज्य मंत्री बीएल वर्मा और निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया की उपस्थिति में जोशी को कार्यभार सौंपा। इस अवसर पर खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के सचिव संजीव चोपड़ा और उपभोक्ता मामले विभाग की सचिव निधि खरे सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

कार्यभार संभालने के अवसर पर  उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मैं आभारी हूं कि माननीय प्रधानमंत्री ने मुझे इस मंत्रालय में सेवा करने का अवसर दिया है जो सीधे तौर पर 80 करोड़ भारतीयों की सेवा से जुड़ा है। उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना एक प्रमुख योजना है जो सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराती है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता सरकार के पहले 100 दिनों में पूर्व केंद्रीय मंत्री गोयल द्वारा चिन्हित गतिविधियों को लागू करना होगी।

ज्योतिरादित्य एम सिंधिया

(संचार मंत्रालय) 

ज्योतिरादित्य एम सिंधिया ने संचार मंत्री का कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए भारत के कोने-कोने को जोड़ने में दूरसंचार विभाग के साथ-साथ भारतीय डाक के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मैं सम्मानित महसूस करता हूं कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मुझे संचार मंत्रालय का प्रभार दिया गया है। पिछले दस वर्षों में हमारी सरकार ने इस क्षेत्र को बदला है और आज मैं भारत को एक स्थायी, ग्राहक केंद्रित और प्रतिस्पर्धी दूरसंचार व पोस्टल मार्केट बनाने के लिए अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता की पुष्टि करना चाहता हूं।

संचार मंत्री ने दूरसंचार में क्रांति का श्रेय प्रधानमंत्री के नेतृत्व को दिया और 140 करोड़ नागरिकों की आकांक्षाओं के अनुरूप डिलीवरी सुनिश्चित करने में दृढ़ रहने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करने का संकल्प लिया। मंत्रालय के अधिकारी ने सिंधिया का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें मंत्रालय के लक्ष्यों को प्राप्त करने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उनके व्यापक अनुभव और कुशल नेतृत्व से संचार मंत्रालय में नए दृष्टिकोण और नए उत्साह की उम्मीद है।

गजेन्द्र सिंह शेखावत

(पर्यटन मंत्रालय) 

गजेन्द्र सिंह शेखावत ने केन्द्रीय पर्यटन मंत्री का कार्यभार संभाला। पर्यटन मंत्रालय की सचिव वी. विद्यावती तथा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मंत्री महोदय का स्वागत किया।  उन्होंने पर्यटन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंत्रालय की योजनाओं और पहलों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर शेखावत ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया कि उन्हें भारत को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने और विश्व को भारत में आमंत्रित करने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने विभिन्न भ्रमणों और शब्दों के माध्यम से हमारी पर्यटन क्षमता के बारे में जोर दिया है। हम कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश के विभिन्न प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत स्थलों को उजागर करते हुए पर्यटन को उसी दिशा में बढ़ाने के लिए काम करेंगे।"

चिराग पासवान

(केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री)

चिराग पासवान ने नई दिल्ली स्थित पंचशील भवन में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री का पदभार ग्रहण किया। चिराग का स्वागत सचिव अनीता प्रवीण ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ किया। कार्यभार संभालने के बाद पासवान ने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वह मंत्रालय के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए अपना पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने मंत्रालय की सभी चल रही योजनाओं और भविष्य की योजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और अधिकारियों को सरकार की 100 दिन की योजना को पूरा करने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया। आपको बता दें कि चिराग पासवान बिहार के हाजीपुर से सांसद हैं।

डॉ. मनसुख मांडविया 

(केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री)

डॉ. मनसुख मांडविया ने नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री का कार्यभार संभाला। उनके पास केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री का प्रभार भी है। उनका स्वागत श्रम एवं रोजगार सचिव सुमिता डावरा तथा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। पिछली सरकार में डॉ. मनसुख केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और रसायन एवं उर्वरक मंत्री थे। उन्होंने गुजरात के पोरबंदर से लोकसभा सीट जीते हैं। इससे पहले वे 2012-2024 तक राज्यसभा के सदस्य थे। वे 2002-2007 के दौरान पालीताना से गुजरात विधानसभा के सदस्य भी रहे।

जीतन राम मांझी और राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे

 (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय)

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय का प्रभार ग्रहण कर लिया है। वह 2014 से 2015 के बीच बिहार के मुख्यमंत्री थे। वहीं, शोभा करंदलाजे ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय में राज्य मंत्री का कार्यभार भी संभाल लिया है। उन्होंने भारत सरकार में कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री के रूप में भी कार्य किया है। सचिव और मंत्रालय के सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री और राज्य मंत्री का स्वागत किया।

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कार्यभार संभालने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए, विजन 2047 में उन्हें शामिल करने और उन्हें आत्मनिर्भर भारत की यात्रा का हिस्सा बनाने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया, जिसमें एमएसएमई को केंद्र बिंदु के रूप में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई को आत्मनिर्भर बनाने तथा जीडीपी में उनकी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। संक्षिप्त में नीचे दिए गए है उनके नाम और किसको कौन सी मिनिस्ट्री मिली है -

मोदी 3.0 में कैबिनेट मंत्री

1. राजनाथ सिंह- रक्षा मंत्रालय
2. अमित शाह- गृह मंत्रालय, सहकारिता मंत्रालय
3. नितिन जयराम गडकरी- सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय
4. जगत प्रकाश नड्डा- स्वास्थ्य मंत्रालय, केमिकल फर्टिलाइजर मंत्रालय
5. शिवराज सिंह चौहान- कृषि और परिवार कल्याण, ग्रामीण विकास मंत्रालय
6. निर्मला सीतारमण- वित्त मंत्रालय, कॉर्पोरेट अफेयर्स मंत्रालय
7. एस जयशंकर- विदेश मंत्रालय
8.  मनोहर लाल खट्टर- ऊर्जा, आवास और शहरी मामले
9.  एचडी कुमारस्वामी - भारी उद्योग मंत्री और इस्पात मंत्रालय
10. पीयूष गोयल- वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय
11. धर्मेंद्र प्रधान- शिक्षा मंत्री
12. जीतन राम मांझी- MSME मंत्रालय
13. राजीव रंजन सिंह (लल्लन सिंह)- पंचायती राज, मछली, पशुपालन और डेयरी
14. सर्बानंद सोनोवाल - बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग
15. वीरेंद्र कुमार - सामाजिक न्याय व अधिकारिता 
16. राममोहन नायडू- नागरिक उड्डयन
17. प्रह्लाद जोशी - उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण; और नवीन व नवीकरणीय ऊर्जा
18. जुएल ओरांव - जनजातीय मामले
19. गिरीराज सिंह- कपड़ा मंत्रालय
20. अश्विन वैष्णव - रेल; सूचना एवं प्रसारण; और इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी
21. ज्योतिरादित्य सिंधिया -संचार; और उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास
22. भूपेंद्र यादव - पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन
23. गजेंद्र सिंह शेखावत- संस्कृति; और पर्यटन
24. अन्नूपूर्णा देवी- महिला एवं बाल विकास
25. किरेन रिजिजू - संसदीय कार्य; और अल्पसंख्यक मामले
26. हरदीप सिंह पुरी- पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस
27. मनसुख मांडविया- श्रम और रोजगार; और युवा मामले और खेल
28. जी किशन रेड्डी - कोयला; और खनन
29. चिराग पासवन- खाद्य प्रसंस्करण उद्योग
30. सीआर पाटिल- जल शक्ति

मोदी 3.0 के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
  • राव इंद्रजीत सिंह- योजना, सांख्यकी और कार्यक्रम क्रियान्वयन और संस्कृति
  • डॉ. जितेंद्र सिंह-  प्रधानमंत्री कार्यालय, परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान, कार्मिक, जन शिकायत और पेंशन
  • अर्जुन राम मेघवाल- कानून और न्याय संसदीय कार्य
  • प्रतापराव जाधव (शिवसेना शिंदे गुट)- स्वास्थ्य, परिवार कल्याण और आयुष
  • जयंत चौधरी (RLD)- शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता.
मोदी 3.0 के राज्य मंत्री 
  • जितिन प्रसाद- वाणिज्य व उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री, इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में राज्य मंत्री
  • श्रीपद येसो नाइक- ऊर्जा मंत्रालय में राज्य मंत्री, नवीन व नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय में राज्य मंत्री
  • पंकज चौधरी- वित्त मंत्रालय में राज्य मंत्री
  • कृष्ण पाल- सहकारिता मंत्रालय में राज्य मंत्री
  • रामदास अठावले-  सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में राज्य मंत्री
  • रामनाथ ठाकुर- कृषि और किसान कल्याण
  • नित्यानंद राय -गृह
  • अनुप्रिया पटेल- स्वास्थ्य व परिवार कल्याण, रसायन और उर्वरक
  • वी सोमन्ना- जल शक्ति, रेलवे
  • पेम्मासानी चंद्रशेखर- ग्रामीण विकास और संचार
  • एसपी सिंह बघेल- मत्स्य पालन, पशुपालन, डेयरी और पंचायती राज
  • शोभा करांदलाजे- MSME, श्रम और रोजगार 
  • कीर्तिवर्धन सिंह- पर्यावरण, विदेश
  • बीएल वर्मा-  उपभोक्ता मामले, खाद्य व सार्वजनिक वितरण
  • शांतनु ठाकुर- पोर्ट्स एंड शिपिंग
  • सुरेश गोपी- पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस
  • एल मुरुगन- सूचना प्रसारण, संसदीय कार्य
  • अजय टम्टा- सड़क परिवहन
  • बंदी संजय कुमार- गृह
  • कमलेश पासवान- ग्रामीण विकास
  • भगीरथ चौधरी- कृषि व किसान कल्याण
  • सतीश चंद्र दुबे- कोयला, खनन
  • संजय सेठ- रक्षा
  • नवनीत सिंह बिट्टू- खाद्य प्रसंस्करण और रेलवे
  • दुर्गादास उइके- जनजातीय
  • खक्षा खडसे- युवा व खेल
  • सुकांत मजूमदार- शिक्षा और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास
  • सावित्री ठाकुर- महिला और बाल कल्याण
  • तोखन साहू- आवास और शहरी मामले
  • राजभूषण चौधरी- जल शक्ति
  • भूपति राजू श्रीनिवास वर्मा- भारी उद्योग और इस्पात
  • हर्ष मल्होत्रा- कॉर्पोरेट अफेयर्स, सड़क परिवहन
  • नीमूबेन बमभानिया- उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण
  • मुरलीधर मोहोल- सहकारिता और नागरिक उड्डयन
  • जॉर्ज कुरियन- अल्पसंख्य और फिशरीज, पशुपालन और डेयरी.
  • पबित्रा मार्गरिटा- विदेश और कपड़ा.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ