- जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में बैठक के दौरान दिए निर्देश
बांदा। आगामी माह दिसम्बर, 2021 को होने वाले मौनी बाबा महोत्सव सम्बन्धी बैठक जिलाधिकारी अनुराग पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि 15, 16 व 17 दिसम्बर, 2021 को होने जा रहे मौनी बाबा महोत्सव सम्बन्धी सभी तैयारियां अभी से पूर्ण कर ली जायें। महोत्सव परिसर की सफाई, टूरिस्ट काम्पलेक्स की पुताई, सफाई, बाथरूमों की मरम्मत एवं पानी की आपूर्ति, पूर्व निर्मित शौचालयों की सफाई/पुताई एवं मरम्मत नये सिरे से कराया जाए। महोत्सव में आने वाले विभिन्न मार्गों को आवागमन की दृष्टि से गड्ढा मुक्त कराये जाने का कार्य कराया जाए।
शान्ति एवं सुरक्षा, यातायात एवं अग्नि से बचाव हेतु गतवर्ष की भांति पुलिस व्यवस्था, होमगार्ड, पी0आर0डी0 जवानों को तैनात किया जाए। पुलिस चौकी से ग्राम सिमौनी तथा मौनी बाबा धाम से आई0टी0आई0 एवं पुलिस चौकी से ग्राम की ओर जाने वाले मार्ग पर स्ट्रीट लाइट हेतु नये विद्युत खम्भों की व्यवस्था करायी जाए। मेला ग्राउन्ड में भारत सरकार द्वारा पर्यटन विभाग के माध्यम से 07.00 करोड की लागत से कराये जा रहे कार्यों की जिलाधिकारी द्वारा समीक्षा की गयी। उन्होंने कहा कि मेला ग्राउन्ड/प्रदर्शनी ग्राउन्ड में गतवर्षों में निर्मित कराये गये सी0सी0 रोडों का नवीनीकरण कराया जाए।
महोत्सव परिसर में पेयजल व्यवस्था हैण्डपम्प, पाइपलाइन, टैंकर स्टैण्ड पोस्ट के माध्यम से आवश्यकता अनुसार जलापूर्ति करायी जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि विकास खण्ड द्वारा मनरेगा से कराये जाने वाले कार्य समय से मानक गुणवत्ता के अनुसार सनिश्चित पूरा कराया जाए। भारत सरकार एवं शासन द्वारा संचालित योजनाओं/ कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार हेतु प्रचार सामाग्री एवं स्टाल तथा शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगायी जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश मौर्य, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 उमाकान्त त्रिपाठी, समस्त उप जिलाधिकारी एवं सम्बन्धित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौनीबाबा धाम राजेश द्विवेदी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ
Please don't enter any spam link in the comment Box.